चन्नी और सिद्धू के बीच जारी है खींचतान

चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भारत निर्वाचन आयोग जल्द ही इसकी घोषणा कर सकता है। ऐसे में राजनीतिक दलों ने नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए एड़ी से लेकर चोटी तक अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। प्रदेश में मौजूदा चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार है लेकिन कांग्रेस ने आगामी चुनाव को लेकर अभी तक मुख्यमंत्री उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि कांग्रेस में 3 संभावित मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। ऐसे में हम आपको पंजाब के राजनीतिक दलों के संभावित उम्मीदवारों के बारे में जानकारी दे देते हैं।

कांग्रेस

कांग्रेस में मचे घमासान के बीच में चुनावों से पहले पार्टी ने अपना मुख्यमंत्री बदल दिया फिर भी अंतर्कलह समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। अमरिंदर सिंह के जमाने से नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी के लिए बड़ी मुसीबत बनकर उभरे हैं। अमरिंदर सिंह ने पार्टी छोड़कर खुद की पार्टी का गठन भी कर लिया फिर भी सिद्धू का बड़बोला पन समाप्त नहीं हो रहा है। हालांकि माना जा रहा है कि कांग्रेस चरणजीत सिंह चन्नी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ने वाली है क्योंकि वो दलित नेता हैं। लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार अभी तक घोषित नहीं किया गया है। इनके अलावा पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू और सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं। सुखजिंदर सिंह रंधावा गृह मंत्रालय का पदभार संभाल रहे हैं और आजकल सिद्धू के साथ उनका विवाद चल रहा है और उन्होंने दावा किया था कि जब से वो गृह मंत्री बने हैं तब से सिद्धू उनसे नाराज चल रहे हैं। ऐसे में अगर वो चाहते हैं तो मैं पद छोड़ दूंगा।

शिरोमणि अकाली दल

पंजाब के इतिहास में महज दो ही पार्टियां रही हैं, जिन्होंने सत्ता संभाली है। पहली कांग्रेस और दूसरी शिरोमणि अकाली दल (शिअद)। माना जा रहा है कि शिअद की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सुखबीर सिंह बादल हो सकते हैं। हालांकि शिअद इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ नहीं बल्कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली है। कृषि कानूनों के मुद्दे को लेकर भाजपा और शिअद के बीच का सालों से चला आ रहा गठबंधन समाप्त हो गया था।

भाजपा-पंजाब लोक कांग्रेस

भाजपा ने अभी तक मुख्यमंत्री पद के लिए कोई भी उम्मीदवार तय नहीं किया है। बल्कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ने वाली है। हालांकि भाजपा ने पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया है। जिसके मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह हैं। माना जा रहा है कि अगर पंजाब में भाजपा और अमरिंदर ने मिलकर सालों से चली आ रही शिअद, कांग्रेस की परंपरा को समाप्त कर दिया तो अमरिंदर सिंह या फिर भाजपा के किसी प्रतिष्ठित चेहरे को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

Check Also

अनुशासित व समर्पित भाव से सामाजिक कार्यो के प्रति हों संकल्प बद्ध-प्रो0 अमित

प्रतापगढ़ :  सिटी स्थित पीबीपीजी कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के चार इकाइयों का सात …