सोहावल-अयोध्या।क्षेत्र के अमौना पूरे महावीर में सोमवार को श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा से पूर्व एक कलश यात्रा निकाली गई। जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया। कथा के प्रथम दिन कलश यात्रा भागवत कथा स्थल से बैंड-बाजे के साथ शुरू हुई। यह यात्रा पूरे महावीर अमौना रायबरेली मार्ग से नौवां का कुआं,पिपरा भवानी,रानी बाजार माधव सर्वोदय इंटर कालेज होकर गुजरी और पुनः कथा स्थल पर समाप्त हुई।
इस दिव्य कथा आयोजन के यजमान श्रीमती कमला देवी, उमरावलाल, राजेश्वरी मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, बंदना मिश्रा रहे। जिन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना किया। इसके उपरांत श्रीमद् भागवत कथा के प्रथम दिन कथावाचक ने इंद्रेश कौशिक महाराज ने कथा का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सुखदेव महाराज ने राजा परीक्षित को श्रीमद् भागवत का ज्ञान देकर मानव जीवन को धर्म, भक्ति और मोक्ष के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कथा के दौरान श्रोता भक्ति में लीन दिखाई दिए। कथाव्यास ने कहा कि श्रीमद्भगवत कथा का श्रवण करने से मानव जीवन में एक जन्म नहीं अपितु हमारे कई जन्मों के पापों का नाश होने के साथ ही हमारे शुभ कर्मों का उदय होता है। कथा सुनने मात्र से जीव जन्म और मरण के बंधन से मुक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि नारद जी ने भक्ति देवी के कष्ट की निवृत्ति के लिए श्रीमद् भागवत कथा का साप्ताहिक अनुष्ठान किया था। जहां संत कुमारों ने भागवत का प्रवचन करते हुए नारद के मन का संशय दूर किया। इस कथा को धुंधकारी प्रेत ने अपने अग्रज से श्रवण किया और प्रेत योनि से मुक्ति पाकर विष्णु लोक को प्राप्त हुए। कथा व्यास ने कहा कि भगवत श्रवण से जीव के सभी पाप कर्म मिट जाते हैं। अंत में सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम में आचार्य विवेक मिश्रा , शास्त्री अभय पांडेय, माधव प्रसाद पाठक,अखिलेश मिश्रा मुंशी,उमराव लाल मिश्रा, ज्ञानेंद्र पाठक,प्रकाश मिश्रा,धर्मेन्द्र कुमार पाठक,पुष्कर दत्त तिवारी,प्रेम प्रकाश पांडे,पंकज मिश्रा ,जिला महामंत्री राधेश्याम त्यागी, अरविंद पाठक ( राजू पाठक)पवन त्रिपाठी, बब्बन पांडे,आशीष पांडेय,शिवा मिश्रा,ग्रामसभा के गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु और आयोजक मंडल के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।