खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के तीसरे संस्करण का आगाज, चार जिलों में होगा आयोजन

THE BLAT NEWS:

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि विगत 09 वर्षों में सभी ने भारत को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए तथा देश के बारे में दुनिया की धारणा को बदलते हुए देखा है। भारत के प्रत्येक नागरिक के मन में नया विश्वास उत्पन्न हुआ है। खेलों के प्रति लोगों की धारणा बदली है। परिवार के सदस्य बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित करते हैं। खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स इसी बदली धारणा और नये विश्वास का नया प्रतीक है।
मुख्यमंत्री जी शुक्रवार को यहां केन्द्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ ‘खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022’ के ‘लोगो’, एंथम, जर्सी, मैस्कॉट तथा मशाल को लॉन्च करने के बाद इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री  की उपस्थिति मंे मंच पर ‘खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022’ की मशाल को प्रज्ज्वलित किया गया। मुख्यमंत्री जी तथा केंद्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री ने मशाल रिले को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मशाल रिले प्रदेश के सभी जनपदों में जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। स्वाभाविक रूप से प्रदेश में होने वाला कोई भी आयोजन अपने आप बड़ा हो जाता है। भारत सरकार द्वारा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तृतीय संस्करण के आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश का चयन किया गया है। यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। 200 विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस आयोजन में भागीदार बन रहे हैं। इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश को जानने, सीखने तथा समझने का एक अवसर उन्हें प्राप्त होगा। साथ ही, उत्तर प्रदेश को देश के 200 विश्वविद्यालयों से आने वाले इन युवा अतिथियों के स्वागत का भी अवसर प्राप्त होगा। उत्तर प्रदेश की पूरी टीम इसके लिए तैयार है। मुख्यमंत्री  ने खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 में भारत सरकार और सभी राज्यों को इन खेलों में भागीदार बनने तथा अपना मार्गदर्शन प्रदेश को देने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनके स्वागत के लिए उत्सुकता से तैयार है। यह खेल की गतिविधियों को युवाओं तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारतीय मनीषा ने सदैव कहा है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्’ अर्थात धर्म के जितने भी साधन हैं, वह सभी स्वस्थ शरीर से ही सम्भव हो सकते हैं। स्वस्थ शरीर उसी को प्राप्त होगा, जो नियम, संयम तथा अनुशासन से रहता होगा। खेल और खेलकूद की गतिविधियों से व्यक्ति न केवल स्वस्थ रह सकता है, बल्कि समाज तथा अपने राष्ट्र को भी सशक्त कर सकता है। ‘खेलो इंडिया’ तथा ‘फिट इण्डिया मूवमेंट’ इसी श्रृंखला के हिस्से हैं। आज प्रदेश में गांव से लेकर जनपद स्तर तक सांसद खेल प्रतियोगिता का भव्य तरीके से आयोजन हो रहा है। जनपद स्तर पर हमारे पास खिलाड़ियों की बड़ी टीम बनी है। ग्रामीण क्षेत्रों के बालक एवं बालिकाएं इन आयोजनों से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री का इस अभियान को गति देने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जमीनी धरातल पर प्रभावी रूप से उतार रहा है। इसके लिए राज्य सरकार ने अनेक कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं। हर जनपद में एक स्टेडियम के निर्माण की कार्यवाही को आगे बढ़ाया गया है। ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम के निर्माण की कार्यवाही भी प्रारम्भ हुई है। 58 हजार ग्राम पंचायतों में खेल के मैदान के निर्माण को नई गति मिली है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किये गये खेलो इण्डिया खेलो कार्यक्रम के माध्यम से खिलाड़ियों को तलाशने और तराशने का कार्य किया गया है। इन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल जीतने का काम किया है। उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री का प्रदेश है। राज्य में खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश इस आयोजन के लिए पूरी तरह सक्षम है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की छवि तेजी के साथ बदली है। कभी यह राज्य दंगों के लिए जाना जाता था, अब यह राज्य पहलवानों तथा खिलाड़ियों के दंगल के लिए जाना जाएगा। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश को सर्वाधिक मेडल देने वाला राज्य बनेगा। मुख्यमंत्री ने राज्य में खेलों के विकास के लिए आधारभूत ढांचा खड़ा करने तथा खेल भावना को बढ़ावा देने का काम किया है। उत्तर प्रदेश खेलों का केंद्र बन रहा है। आज यहां खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के ‘लोगो’, मैस्कॉट, जर्सी, एंथम तथा मशाल की लॉन्चिंग का भव्य कार्यक्रम हो रहा है। इन खेलों का आयोजन भी बहुत भव्य होगा। देश भर में 01 हजार खेलो इंडिया सेंटर बनाने जा रहे हैं। 15 अगस्त, 2023 से पूर्व उत्तर प्रदेश के हर जिले में कम से कम एक खेलो इण्डिया सेन्टर बनकर तैयार हो जाएगा।

Check Also

बसपा ने बस्ती लोकसभा सीट का बदल दिया प्रत्याशी

लखनऊ : बसपा ने सोमवार को दो उम्मीदवारों के टिकट बदल दिए हैं। इसमें जौनपुर …