नारी सशक्तिकरण में महिला पुलिसकर्मियों ने निकाली रैली…

कानपुर, संवाददाता। ग्रंथों में नारी के महत्त्व को बताया गया है कि “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:” अर्थात जहाँ नारी की पूजा होती है, वहाँ देवता निवास करते है। नारी सशक्तिकरण को लेकर संकल्पित उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश भर की महिलाओं को सुरक्षा का एहसास कराने के उद्देश्य से महिला पुलिसकर्मी बाइक रैली निकाली जा रही है। देवी पूजन के दिन चैत्र नवरात्र से शुरू हुई यह रैली नवरात्र की तृतीया को शुक्रवार को कानपुर नगर पहुंच गई और चतुर्थी को हमीरपुर और इटावा जनपदों के लिये रवाना हो जाएगी।

 

पुलिस लाइन में होगा कार्यक्रम

महिला पुलिसकर्मी बाइक रैली का पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर में कार्यक्रम रिजर्व पुलिस लाइन में शनिवार सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। यहां पर पुलिस आयुक्त बीपी जोगदण्ड रैली का फ्लैग आफ करेंगे। पुलिस लाइन में कार्यक्रम होने के बाद यहां से बाइक रैली अपने आगे के सफर यानि जनपद हमीरपुर और इटावा के लिये रवाना हो जाएगी। आगे की रैली में कमिश्नरेट की महिला पुलिसकर्मी अपने वाहनों से शामिल होंगे और अगले पड़ाव तक जाएंगी। पूरे दिन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये अधिकारियों के बैठक और निरीक्षण का दौर चलता रहा। गंगा बैराज और महाराजपुर पहुंची महिला पुलिस कर्मियों की बाइक रैली का एसीपी चकेरी और कर्नलगंज एसीपी ने फूलमाला पहना कर स्वागत किया।

26 जनपद से होकर जाना है

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के 6 साल पूरे होने वाले हैं। सरकार इस मौके पर भव्य समारोह करेगी, जिसकी गूंज चारों दिशाओं में सुनाने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर शासन स्तर पर अनूठी तैयारी हो रही है। सरकार का यह समारोह प्रदेश की महिलाओं को समर्पित होगा।

इस समारोह के जरिए प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण का संदेश देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए महिला पुलिसकर्मी बाइक रैली निकाली गई है। जो उत्तर प्रदेश राज्य के 26 जनपदों से होकर गुजरेगी।

दो रूटों से निकली है रैली

योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक पूरे होने पर निकाली जाने वाली इस रैली का उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित प्रदेश के बदले हुए माहौल के बारे में बताना है। रैली की शुरुआत चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन यानी 22 मार्च को हुआ। वहीं, समापन अष्टमी यानी 29 मार्च को होना प्रस्तावित है। महिला पुलिसकर्मियों की यह रैली दो रूटों से निकली है। पहला रूट पूर्व से पश्चिम (विंध्याचल धाम से गौतमबुद्ध नगर) है तो वहीं, दूसरा रूट उत्तर से दक्षिण (देवी पाटन धाम से ललितपुर) तय किया गया है।

रिले रेस जैसा होगा स्वरूप

रैली का स्वरूप रिले रेस जैसा है, जिसमें 15-20 बाइक पर सवार महिला पुलिसकर्मी लोगों को सुरक्षित और उत्तम प्रदेश का संदेश देंगी, जो प्रतिदिन औसतन 80-120 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। राजपत्रित अधिकारी को रैली का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं इसकी ब्रांडिंग के लिए चार पहिया वाहन भी शामिल रहेंगे, जिसमें महिला निरीक्षक के साथ महिला ड्राइवर रहेंगी। सुरक्षा की दृष्टि को ध्यान में रखते हुए एक एंबुलेंस भी रैली साथ चलेगी।

इन जनपदों से होकर गुजरेगी रैली

रैली का पहला रूट मां विंध्यवासनी के धाम विध्यांचल से शुरू होगा, जो प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, आगरा, अलीगढ़ होते हुए गौतमबुद्धनगर में समाप्त होगा. वहीं, दूसरे रूट की शुरुआत शक्तिपीठ देवीपाटन से होगी, जो अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, हमीरपुर, उरई, झांसी होते हुए ललितपुर पहुंचेगा।

Check Also

कानपुर में रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहें हुक्काबार पर पुलिस मेहरबान….

कानपुर,ब्यूरो। कानपुर पुलिस एक ओर जहां अपराध खत्म करने की बात करती हैं तो वहीं …