28 साल बाद इंडस्ट्री में वापसी करने जा रही शांति प्रिया, सरोजनी नायडू की बायोपिक में निभाएंगी खास किरदार

द ब्लाट न्यूज़ 90 के दशक में कुछ हिट फिल्में करने के बाद लोकप्रिय अभिनेत्री शांति प्रिया बॉलीवुड से गायब हो गई थीं। इसके बाद उन्होंने कुछ क्षेत्रीय फिल्मों में काम किया। वह डांस के क्षेत्र में सक्रिय रहीं और कई कार्यक्रमों में नजर आती रहीं। अब करीब 28 साल के ब्रेक के बाद वह फिल्मों में वापसी कर रही हैं। 53 वर्षीय अभिनेत्री सरोजिनी नायडू की बायोपिक में नजर आने वाली हैं।

 

 

सरोजिनी नायडू की बायोपिक सरोजिनी में शांति प्रिया उनका किरदार निभाएंगी। युवा सरोजिनी के किरदार में सोनल मॉन्टीरियो नजर आएंगी, जबकि वृद्ध सरोजिनी का किरदार शांति प्रिया निभाएंगी। फिल्म में हितेन तेजवानी सरोजिनी के पति गोविंद और जरीना वहाब उनकी मां के किरदार में नजर आएंगी। सरोजिनी का निर्देशन विनय चंद्र कर रहे हैं। यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगू और कन्नड़ में रिलीज होगी।

अभिनेत्री ने कहा, मैं खुश हूं कि यह फिल्म चार भाषाओं में बन रही है। इससे सरोजिनी नायडू की कहानी ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचेगी। इस बायोपिक में काम करके मुझे फिल्म जगत में काम करने के नए तरीकों के बारे में पता चला। इस किरदार के लिए मुझे 10-12 किलो वजन बढ़ाना पड़ा। जब काम चुनौतीपूर्ण होता है तो ऊर्जा अपने आप आ जाती है। मैंने बड़े पर्दे को बहुत मिस किया।

पिछले साल मार्च में शांति प्रिया ने इंस्टाग्राम पर इस फिल्म की घोषणा की थी। उन्होंने लिखा था, मुझे इतनी सशक्त और महत्वाकांक्षी महिला का किरदार निभाने का मौका मिला है, इससे मैं बेहद खुश हूं। मेरे पास इसे जताने के लिए शब्द नहीं हैं। मैं इस किरदार के साथ न्याय करने का हर मुमकिन प्रयास करूंगी। मैं आप सबको यह दिखाना का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि ऐसे महत्वपूर्ण किरदारों के साथ मैं क्या कर सकती हूं।

इस फिल्म में सरोजिनी का किरदार पहले रामायण की सीता दीपिका चिखलिया निभाने वाली थीं। बाद में फिल्म को हिंदी के अलावा अन्य भाषाओं में बनाने का फैसला किया गया जिसके बाद फिल्म में शांति ने दीपिका को रिप्लेस किया।

शांति प्रिया ने 1991 में अक्षय कुमार के साथ फिल्म सौगंध से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह मेरे सजना साथ निभाना, फूल और अंगार और मेहरबान जैसी फिल्मों में नजर आईं। उनकी पिछली फिल्म इक्के पे इक्का 1994 में आई थी। 1999 में उन्होंने अभिनेता सिद्धार्थ रे से शादी की थी। 2004 में सिद्धार्थ की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। तब शांति 35 वर्ष की थीं। शांति और सिद्धार्थ के दो बच्चे भी हैं।

Check Also

मैंने हर बार अपना शरीर दांव पर लगाया: सलमान खान

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक्शन हीरो होने पर गर्व महसूस करते हैं। सलमान खान …