अहमदाबाद में गर्मी का जोर पारा हुआ अधिक…

-तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा परिवर्तन के आसार नहीं

द ब्लाट न्यूज़ । गुजरात में बुधवार को भी अहमदाबाद शहर में सर्वाधिक गर्मी रही। शहर का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तापमान में ज्यादा परिवर्तन आने की संभावना कम है।
पिछले कुछ दिनों से अहमदाबाद शहर गर्मी का प्रकोप यथावत रहा है। बुधवार सुबह दस बजे के बाद से ही गर्मी के तेवर कड़े होने शुरू हो गए। दोपहर में गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण मार्गों पर आम दिनों की तुलना में यातायात भी कम देखा गया। अहमदाबाद के अलावा सुरेन्द्रनगर और राजकोट में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य के अन्य भागों में तापमान कम रहा। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं आएगा। गौरतलब है कि राज्य के विविध भागों में पिछले दो दिनों तक बारिश का मौसम भी रहा। भावनगर, अमरेली समेत कुछ जगहों पर बारिश हुई। कुछ जगहों पर पानी भी बह उठा था। कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ ओले भी गिरे। जिसके कारण कुछ फसलों में नुकसान की आशंका जताई गई।

गर्मी से बचने के लिए ग्लूकोज के दो हजार पेकेट का वितरण : शहर में पिछले कुछ दिनों से गर्मी के प्रकोप के चलते महानगरपालिका की ओर से करीब दो हजार ग्लूकोज के पेकेट का वितरण किया। मनपा के अनुसार हीट एक्शन प्लान के अन्तर्गत पूर्व जोन में बुधवार को अमराईवाडी क्षेत्र में ग्लूकोज के 407 पेकेट वितरण किए। इसके अलावा ओढव गाम के कडियानाका क्षेत्र में 405, विराटनगर राजेन्द्रपार्क कडियानाका 390, वस्त्राल में मेट्रो ब्रिज के नीचे 398 और रामोल में लाल गेबी सर्कल के निकट 395 ग्लूकोज के पेकेट का वितरण किया गया। गौरतलब है कि अहमदाबाद में अप्रेल माह में अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया था। जिसके कारण ऑरंज अलर्ट भी घोषित करना पड़ा था।

 

Check Also

Kanpur: सब्जी विक्रेता आत्महत्या मामले पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, गिरफ्तारी के दिए निर्देश

•चकरपुर मंडी चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार यादव व सिपाही अजय यादव मृतक सुनील से वसूली …