आल इंडिया ट्रेड यूनियन:पहले दिन ज्यादा असर नहीं रहा, मगर आज भी है हड़ताल…

द ब्लाट न्यूज़। आल इंडिया ट्रेड यूनियन के आह्वान पर घोषित दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन सोमवार को जिले में खास असर नहीं दिखा। कर्मचारियों की यह हड़ताल पुरानी पेंशन की बहाली, डेढ़ साल से रुके डीए की अदायगी और निजीकरण के विरोध में है। रोडवेज की बसें रोजाना की तरह रेवाड़ी, नूंह, रोहतक, बहादुरगढ़, झज्जर, फरीदाबाद आदि स्थानों के लिए लगातार चलती रहीं। इससे यात्रियों को खास परेशानी नहीं हुई। हालांकि इस हड़ताल के मद्देनजर काफी लोग एहतियात के तौर पर बहुत से लोग कम आवश्यक कार्यो को टाल यात्रा पर नहीं निकले। रोज फरीदाबाद, नोएडा और दिल्ली जाने वाले लोगों ने मेट्रो सहित अन्य विकल्प को चुना। वहीं बैंकों और डाकखानों में भी इसका आंशिक असर दिखा।

विभिन्न ट्रेड यूनियनों और कर्मचारियों का दावा है कि पहले दिन की उनकी हड़ताल काफी सफल रही। मंगलवार को भी ऐसा ही नजारा दिखेगा। अगर जमीनी स्तर पर देखा जाए तो पहले दिन इस हड़ताल का कोई खास असर नहीं दिखा। रोडवेज डिपो पर बस का इंतजार कर रहे बड़ी संख्या में यात्रियों को तो हड़ताल की जानकारी ही नहीं थी। रेवाड़ी जा रहे यात्री मुकेश का कहना है कि रेवाड़ी जाने वाली बस आ गई है। उन्हें नहीं पता कि हड़ताल है।

इसी प्रकार गुरुग्राम से फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में जाने वाली बसें भी रोजाना की तरह से संचालित हुई। बहादुरगढ़ की बस में बैठे यात्री किशोर त्यागी का कहना है कि हड़ताल भले ही हो पर बसें तो चल रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान रोडवेज डिपो के आसपास तैनात रहे। रोडवेज कर्मियों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा उन्हें धरना प्रदर्शन नहीं करने दिया जा रहा है।

आटो चालकों और निजी बसों के संचालकों ने इस मौके का भरपूर लाभ उठाया और मनमाना किराया वसूला। रोडवेज कर्मचारी रोडवेज की वर्कशाप पर धरना दे रहे थे। पुलिस और कर्मचारियों के बीच हल्की बहस भी हुई। कर्मचारियों का कहना है कि वह शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे उन्हें इसके बावजूद उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। यूनियन कर्मियों ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं पानी गई तो आंदोलन की गति और बढ़ा दी जाएगी। कहा कि सरकार को रोडवेज के निजीकरण से बाज आना चाहिए। राजीव चौक पर बसों का इंतजार कर रहे लोगों को गर्मी में काफी परेशानी हुई।

हरियाणा बैंक एंप्लाइज फेडरेशन के पदाधिकारियों का कहना है कि सरकारी बैंकों के निजीकरण करने का विरोध किया जा रहा है। रेलवे रोड स्थित डाकखाने में अधिकारी प्रीतम भारद्वाज का कहना है कि कर्मचारियों के हड़ताल के कारण कामकाज पर असर पड़ा है। विभिन्न स्थानों पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। आल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन के ब्रांच अध्यक्ष राज सिंह बघेल का कहना है कि यह हड़ताल पहले दिन पूरी तरह से सफल रही।

अग्रणी जिला प्रबंधन प्रह्लाद राय गोदारा ने बताया कि दो दिवसीय कर्मचारियों की हड़ताल का बैंकों पर असर नहीं दिखा। सभी बैंकों ने कैश जमा करने, कैश निकासी, एटीएम सेवा और चेक क्लियरेंस आदि का काम सामान्य दिनों की तरह से चलता रहा है। कहीं से किसी प्रकार के काम में व्यवधान की कोई बात सामने नहीं आई है।

 

Check Also

दिग्विजय सिंह ने उठाए एग्जिट पोल पर सवाल, किया राजगढ़ सीट से जीत का दावा

भोपाल । लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद सोमवार शाम …