प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मां गंगा को 71 मीटर चुनरी अर्पित, शाम को दीपोत्सव

 

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिन पर शुक्रवार को काशी में उत्सव जैसा नजारा है। जन्मदिन पर प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र मोदीमय हो चुका हैं। मोदी मैजिक उफान पर है, प्रधानमंत्री के प्रति नागरिकों में सम्मान का भाव भी दिख रहा है।

प्रधानमंत्री के दीर्घ और स्वस्थ जीवन के लिए नगर के छोटे-बड़े मंदिरों में कहीं रूद्राभिषेक हो रहा है। तो कहीं अखंड रामायण पाठ का आयोजन हो रहा है। जगह-जगह भाजपा और उसके आनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ नागरिक भी 71 किलो का केक काटकर लोगों को खिला रहे हैं। शाम को पूरे शहर में दीपोत्सव मनाने की भी तैयारी है।

जन्मदिन पर ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घ जीवन के लिए श्रीमती रत्ना देवी समाजसेवी ट्रस्ट और भाजपा कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से मां गंगा को 71 मीटर लम्बी चुनरी चढ़ाई और 71 लीटर दूध से मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। गंगा में बजड़े पर सवार होकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन कार्यकर्ताओं ने मनाया। इस दौरान भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा देश प्रगति पथ पर अग्रसर है। उनकी लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए हम सभी ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना की है। इसके साथ ही आज जिले की आठों विधानसभाओं में भाजपा नेताओं द्वारा 71-71 किलो लड्डू का वितरण किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सरोद वादक अंशुमान महाराज ने गंगा पूजइया गीत गाने के बाद प्रधानमंत्री के लिए बधाई गीत भी गाया। कार्यक्रम संयोजक सोमनाथ विश्वकर्मा, सह संयोजक निर्मल उपाध्याय व शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अनूप जायसवाल, ओम प्रकाश यादव बाबू ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया, पार्षद नरसिंह बाबा, अमन श्रीवास्तव, पार्षद गोकुल शर्मा, शोभनाथ यादव, भरत जायसवाल, दिलीप श्रीवास्तव, आलोक सिंह आदि मौजूद रहें।

प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु के लिए हुआ रुद्राभिषेक

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ही अस्सी स्थित रामेश्वर मठ में नर्मदेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक कर उनके दीर्घायु एवं यशस्वी होने की कामना की गई। प्रात: काल 08 बजे काशी धर्मपीठ रामेश्वर मठ के उत्तराधिकारी शिष्य स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी के सानिध्य में आचार्य पवन मिश्र के साथ बटुकों ने वेद मंत्रों के बीच नर्मदेश्वर महादेव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु एवं यशस्वी होने की कामना की। रुद्राभिषेक की सबसे खास बात यह थी कि भगवान शिव के शिवलिंग के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगाकर रुद्राभिषेक किया गया। कार्यक्रम में मौजूद रामयश मिश्र ने कहा कि काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ी है। इन 07 सालों में देश आर्थिक सामाजिक सहित सभी क्षेत्रों में विकास किया है। इस अवसर पर मठ में भंडारे का भी आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ही कैंट सौरभ श्रीवास्तव ने श्री संकटमोचन मंदिर में 71 किलो शुद्ध देसी घी के लड्डू चढ़ाए। इस प्रसाद का वितरण आम लोगों में किया गया।

भाजपा महिला मोर्चा काशी क्षेत्र की कार्यकर्ताओं ने चेतगंज स्थित आर्य महिला नागरमल मुरारका मॉडल स्कूल में प्रधानमंत्री का जन्मदिन केक काट कर मनाया। इसमें काशी क्षेत्र की मंत्री पूजा दीक्षित, क्षेत्रीय महामंत्री अपराजिता सोनकर, डा. कमलेश, अंजना दीक्षित, शिल्पा गुजराती, ममता सिंह आदि शामिल रही।

स्वास्थ्य विभाग 222 केन्द्रों पर कर रहा टीकाकरण

वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग ने भी बड़ी पहल की हैं। जिले में 222 केंद्रों पर कोरोना का टीकाकरण चल रहा है। जन्मदिन पर 93 हजार से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। इनमें से 219 सेंटर में वैक्सीन की पहली डोज और 03 केंद्रों पर दूसरी डोज लगाई जा रही है।

शहर दक्षिणी में भी विविध कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को शहर दक्षिणी में विधायक और प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी के अगुवाई में विविध धार्मिक अनुष्ठान चल रहा है।

भाजपा के महानगर मीडिया प्रभारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र के मंदिरों में और घरों में शाम को दीपोत्सव की तैयारी हैं। दोपहर में भाजपा कार्यालय, नीचीबाग में पर्यटन मंत्री के मौजूदगी में 71 किलो लड्डू का वितरण किया गया।

Check Also

कानपुर में 11वीं के छात्र ने पंखे से लटक कर दी जान..

kanpur,ब्यूरो। कानपुर जनपद के पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदर नगर में 11 वी के छात्र …