मुख्यमंत्री योगी ने 1334 युवाओं को दिया नियुक्ति पत्र

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1334 अवर अभियंताओं, संगणक एवं फोरमैन को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर करारा प्रहार किया। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और अखिलेश यादव के बुलडोजर वाले बयान पर पलटवार भी किया। उन्होंने कहा कि वे लोग ही बुलडोजर चला सकते हैं जो पूरी ईमानदारी से प्रदेश की सेवा करना चाहते हैं, दिल के साफ हैं।

युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के बाद अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नियुक्ति पत्र देते समय युवाओं से उनका जनपद पूछ रहा था। कोई बिजनौर का तो कोई गाजीपुर, कोई और जिले का। मतलब सभी क्षेत्र के युवाओं को नौकरी दी गयी। इसमें कोई भी भेदभाव नहीं हुआ। आरक्षण का पालन करते हुए केवल प्रतिभावान युवाओं को नौकरी मिली है। एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की ओर हम आगे बढ़ रहे हैं। हमें लक्ष्य करीब दिख रहा है। पिछले सात साल पहले यह संभव नहीं था। आज यूपी ग्रोथ इंजन बना है। पहले सातवें नम्बर की अर्थव्यवस्था थी। आज यूपी देश में दूसरी अर्थव्यवस्था है।

डबल इंजन की सरकार प्रदेश की खुशहाली के लिए काम कर रही है। आज टीपू सुलतान बनने चले हैं। मुंगेरी लाल का सपना देखना इनकी आदत है। जब जनता ने इन्हें मौका दिया था तो इन लोगों ने युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। व्यापारियों के सामने संकट खड़ा किया। आज किसी भी जिले का है, वह नियुक्ति पत्र हासिल करने की क्षमता रखता है। पहले ऐसा नहीं था। कुछ जिलों को ही मौका मिलता था। सीएम योगी ने कहा कि जो लोग आपके रास्ते का बैरियर बनेंगे, उनसे निपटने के लिए हम लोग हैं।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जाति को लड़ाया, फिर मजहबों को लड़ाने का काम किया। प्रदेश को दंगों की आग में झोंक दिया था। ऐसे प्रदेश में भला कोई निवेश क्यों करना चाहेगा। आज वे लोग ही एक बार फिर जनता को भ्रम में डाल कर सत्ता में आना चाहते हैं। बुलडोजर का विरोध करते हैं। सीएम योगी ने कहा कि बुलडोजर वही लोग चला सकते हैं जिनके दिल साफ हैं। प्रदेश का भला चाहते हैं। कानून व्यवस्था ठीक होने से आज यूपी में 40 लाख करोड़ का निवेश हुआ। हमारे परंपरागत उद्योग बंद पड़ रहे थे। आज ओडीओपी के माध्यम से हर जिले का उत्पाद दुनिया में पहुंच रहा है। अपनी नई पहचान बना रहे है।

पहले की सरकार में प्रदेश के पास पैसा नहीं था। आज एक करोड़ परिवार ऐसे हैं जिन्हें डबल इंजन की सरकार पेंशन दे रही है। कन्याओं का विवाह किया जा रहा है। आज प्रदेश के पास पैसा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार पंचायती राज विभाग में किसी राजभर की नियुक्ति हुई है। इन्हें पहले नौकरी क्यों नहीं मिली। यह इसलिए नहीं हो पाया था क्योंकि चाचा भतीजा वसूली पर निकल पड़ते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके ऊपर भरोसा नहीं किया जा सकता है। जिस विभाग में आप काम कर रहे हैं, उसे नम्बर एक बनाना है। इसी से यूपी नम्बर एक बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी का भारत को शक्तिशाली बनाने का अपना पूरा होगा। आखिर कौन नगरिक नहीं चाहेगा कि भारत विकसित देश बने।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पहले की सरकारों में बिना रिस्वत के नौकरी नहीं मिलती थी। पेपर लीक का पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा खड़ा किया गया गैंग था। उसमें ऐसे लोगों को नौकरी मिल जाती थी जिनको नहीं मिलनी चाहिए। योगी जी के नेतृत्व में पारदर्शी तरीके से भर्ती हो रही है। एक रुपया भी घूस नहीं देना पड़ता है। अभी हाल में ही पुलिस भर्ती परीक्षा सम्पन्न हुई है। नकल माफिया थर थर कांप रहे थे। अब सबने देखा होगा। आज आप सब सरकारी सेवा में आ रहे हो। पूरी शिद्दत से नौकरी करनी चाहिए। आपको बिना रिश्वत के नौकरी मिली है। इसकी चर्चा आपको ही करनी है। केशव ने नव चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। जिस प्रकार से आपके पारदर्शी तरीके से नौकरी मिली है, उसी प्रकार आप लोग अपनी सेवा दें। आपके सेवा काल के आखिरी समय तक भारत विकसित भारत बन जायेगा। भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा होगा। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सभी अधिकारियों को बधाई देता हूँ इस भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के लिए।

Check Also

सपा का प्रतिनिधि मण्डल ​बुधवार को मनोज कश्यप हत्याकांड की जांच के लिए जाएगा बिजनौर

लखनऊ । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का …