लखनऊ में पूरे मनोयोग से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पूरे मनोयोग से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। विश्व को संदेश देने वाले भारत से आरम्भ हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के लिए सुबह के वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी योग आसन कर स्वस्थ शरीर और निरोग काया का संदेश दिया।

दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सुबह के वक्त भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ योग किया। योग करते हुए भूपेन्द्र चौधरी ने अपने संदेश में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प करें। स्वस्थ समाज व समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।

भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति की अनुपम धरोहर योग पूरी दुनिया को भारत द्वारा दी गई महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष दो हजार चौदह से अनवरत अपने अथक प्रयासों से पूरी दुनिया में पहुंचाने का अकल्पनीय कार्य किया है। आज योग पूरे विश्व के लोगों की जीवन शैली बन चुका है।

राजभवन में आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन ने दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास किया और इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की ऋषि परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो मानसिक और आध्यात्मिक उन्नयन के साथ शरीर को भी स्वस्थ रखता है। हर व्यक्ति को योगाभ्यास अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर समर विहार कालोनी के सेंट्रल पार्क में भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनन्द, एमएलसी महेन्द्र सिंह, पूर्व एमएससी अरविन्द गुड्डू, भाजपा नेत्री नम्रता पाठक सहित भाजपा कार्यकर्ताओं व कैण्ट विधानसभा के क्षेत्रवासियों के साथ योग किया।

शहर के दूसरे क्षेत्रों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कई आयोजन हुए। जिसमें लखनऊ के उत्तर रेलवे के अधिकारी क्लब साकेत में मंडल रेल प्रबंधक एसएम शर्मा ने मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। सुबह के वक्त अधिकारी क्लब में मंडल रेल प्रबंधन ने जमकर योग अभ्यास किया।

लखनऊ विश्वविद्यालय में दसवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक राय सहित प्रोफेसरों और विद्यार्थी गण ने सामूहिक रुप से योग अभ्यास किया। प्रोफेसर आलोक राय ने इस अवसर पर कहा कि यह अभ्यास निरंतर जारी रखिये। स्वयं भी स्वस्थ्य रहिये और दूसरों को भी स्वस्थ्य रहने का संदेश दीजिए।

लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश पुलिस के मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक प्रशान्त कुमार के नेतृत्व में समस्य पुलिस अधिकारियों ने दसवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। सुबह सवेरे पुलिस मुख्यालय में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ और जिसमें पुलिस अधिकारी योग करते हुए दिखायी पड़े। पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक प्रशान्त ने योग के गुर बताये और इसे जीवन में उतारने की अपील की।

Check Also

मायावती ने आरक्षण के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा

लखनऊ । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने आज कहा कि एससी—एसटी और ओबीसी …