THE BLAT NEWS:
मिल्कीपुर-अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डेरी उद्योग में महिलाओं की क्षमता उन्नयन हेतु प्रशिक्षण चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पशु लोक स्वास्थ्य एवं महामारी विज्ञान विभाग द्वारा पशुपालन महाविद्यालय के समिति कक्ष में आयोजित किया गया। महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित सबसे वृद्ध महिला गया देवी को कुलपति ने मुख्यअतिथि बनाया जिससे वो भावुक हो गईं। इस दौरान गया देवी ने कृषि उद्यमिता हेतु वैज्ञानिक पशु प्रबंधन एवं पशु उत्पाद प्रसंस्करण गाइड पुस्तक का विमोचन भी किया। शिविर को संबोधित करते हुए कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि दुग्ध व्यवसाय के क्षेत्र में भागीदारी कर महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं। घर के पास रहकर महिलाएं दुग्ध व्यवसाय को कर सकती हैं।
महिलाएं प्रशिक्षण एवं ग्रुप बनाकर संकल्प के साथ कार्य करें। पशुधन के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं चलाईं जा रहीं हैं जिसका सभी को लाभ उठाना चाहिए। कुलपति ने कहा कि अगर महिलाएं जागरूक हुईं तो समाज में बदलाव निश्चित है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सेल्फ हेल्थ ग्रुप बनाकर उद्योग के रूप में आत्मनिर्भर बनें। विशिष्ठ अतिथि के तौर पर अयोध्या मंडल के दुग्ध उत्पादक संघ के महाप्रबंधक आशीष श्रीवास्तव ने कहे की भूमिहीन व्यक्ति भी दूध का व्यवसाय कर सकता है। दूध से दूध, घी, मट्ठा आदि उत्पाद बनाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है। पशुपालन एक ऐसा व्यवसाय है जो ग्रामीण क्षेत्र में किया जाता है। डा. नमिता जोशी ने कहा कि सभी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी तेजी के साथ बढ़ी है। पशुपालन हो या कृषि सभी क्षेत्रों में महिलाएं कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से महिलाओं में दूध के गुणवत्ता की समझ विकसित होगी साथ ही उद्दमता का विकास होगा। इससे पहले डा. जोशी ने गया देवी को वस्त्र एवं कुलपति को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की आयोजक सचिव डा. नमिता जोशी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया एवं संचालन डा.वी.के पाल ने किया। डा. विभा यादव ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
The Blat Hindi News & Information Website