घर में चाची को अकेला देख कलयुगी भतीजे ने छेड़खानी करने का किया प्रयास, विरोध करने पर चाचा की गोली मारकर की हत्‍या

रिश्‍ते की चाची को घर में अकेला देख एक कलयुगी भतीजे ने शर्मनाक ढंग से छेड़खानी शुरू कर दी। चाची ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर अपने चाचा की गोली मारकर हत्‍या कर दी। घटना मंगलवार की रात दीपनगर थाना क्षेत्र के गोड़धोवा गांव में हुई। मृतक किशोर यादव का 42 वर्षीय पुत्र अनुज यादव उर्फ कैलू है। वह खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इस मामले में मृतक के चचेरे भाई युगल यादव के पुत्र प्रमोद यादव समेत छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस आरोपितों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

पत्नी बबिता देवी ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह घर में अकेली थी। पति किसी काम से बाहर गये थे। उसी समय प्रमोद ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी की। शाम में पति लौटकर घर आये तो उन्हें इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही अनुज शिकायत करने प्रमोद के घर पहुंचा। इसी खुन्नस में प्रमोद ने देर शाम अनुज के घर के बाहर फायरिंग की।

अनुज घर से बाहर निकला तो बदमाशों ने उसके सीने में गोली मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। हत्या के बाद सभी आरोपित घर छोड़कर भाग निकले। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक बाइक बरामद किया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। थानाध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने बताया कि छेड़खानी के विवाद में हत्या की गयी है। पत्नी के बयान पर छह लोगों के खिलाफ एफआईआर की गयी है। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है।

Check Also

अस्पताल में गोलीबारी पर विपक्ष का नीतीश सरकार का वार

राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरुवार को बिहार सरकार पर सवाल उठाते …