नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव देखा गया। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई साथ ही तेज हवा भी चल रही। अचानक आए इस बादल से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने कहा कि बादल पश्चिम से दिल्ली में प्रवेश कर रहे हैं और दिल्ली से होते हुए नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद की ओर बढ़ने की संभावना है। वहीं सोमवार को होली के दिन बादल छाए रह सकते हैं। शाम-रात में एक या दो स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
होली के दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे सप्ताह दिन में बादल छाए रहने का अनुमान है। इससे दिन का तापमान स्थिर रहेगा। जबकि रात के तापमान में बढ़त हो सकती है।
इससे पहले शनिवार को दिन का पारा 34 डिग्री को पार कर गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। आने वाले दिनों में पारा 36 डिग्री को पार करने का अनुमान है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
The Blat Hindi News & Information Website