विवाहिता का ससुराल वाले श्मशान घाट पर जला रहे थे शव,पुलिस को देख हुए फरार….

बिहार: दरभंगा में एक विवाहिता की मौत संदेहास्पद स्थिति में हो गई। ससुराल वाले देर रात आननफानन में साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसे जलाने के लिए श्मशान ले गये लेकिनं इस बात की भनक पुलिस को लग गई और उसे खोजते हुए वहां पहुंच गई। पुलिस को देखकर ससुराल वाले श्मशान से फरार हो गये। मौके से पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटना बिरौल थाना क्षेत्र के पोखराम दक्षिणी पंचायत के बलहा गांव की है। मृतका की पहचान बलहा गांव निवासी राम आधार मुखिया के पुत्र मणिकांत मुखिया की पत्नी पिंकी देवी (22) के रूप में की गई है।

 

दो साल पहले हुई थी शादी
मृतका का मायका अलीनगर थाना क्षेत्र के जयंतीपुर निवासी राज कुमार सहनी की पुत्री पिंकी देवी है। उसकी शादी दो वर्ष पूर्व मणिकांत मुखिया के साथ हुई थी। आज की तारीख में उसे एक साल की एक बेटी भी है। पिंकी के परिजनों का कहना है कि उन्हें स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना मिली कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर लाश को जलाने गये हैं। इस बात की सूचना मिलते ही वेलोग बिरौल पहुंचे और इस बात की सूचना बिरौल पुलिस को दी।

पुलिस को देखकर हुए फरार
परिजनों की शिकायत पर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जलाने के लिए जाने की सूचना मिलते ही बिरौल थाना की पुलिस श्मशान घाट पहुंची। श्मशान घाट पर पुलिस को पहुंचते देख मृतका के परिजन चिता पर रखे शव को छोड़ कर फरार हो गये। मौके से पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और फिर उसे पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में बिरौल थाना के थानाध्यक्ष अमृत लाल वर्मन ने बताया कि मृतका के पिता राज कुमार सहनी ने दहेज के खातिर ससुराल वालों के द्वारा हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पिता ने ही शव को जलाने की सूचना पुलिस को दी थी जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर श्मशान घाट पहुंच चिता से शव को जब्त किया और पोस्टमार्टम के लिये डीएमसीएच भेज दिया।

Check Also

फिल्म’ पहले दिन ही सुपर फ्लॉप हो गई : तेजस्वी यादव

पटना। बिहार में लोकसभा की चार सीट पर मतदान होने के एक दिन बाद राष्ट्रीय …