बड़ा हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 20 की मौत…

कासगंज: पटियाली कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ। जहां पटियाली-दरियावगंज मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में जाकर पलट गई। इस हादसे में 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि 40 से अधिक श्रद्धालु घायल बताए गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं हादसे की जानकारी मिलते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। जिसके बाद अधिकारियों ने घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक निरीक्षण किया है। साथ ही घायलों का हाल-चाल जाना। जानकारी के मुताबिक, एटा जिला के कसा गांव के श्रद्धालु माघ पूर्णिमा के अवसर पर आज सुबह गंगा स्नान करने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली से कादरगंज गंगा घाट जा रहे थे। तभी गढ़िया के पास पटियाली-दरियावगंज मार्ग पर एक वाहन को बचाने की कोशिश में ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में जाकर पटल गई। जिससे वहां चीख पुकार मच गई।

इस दौरान ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तालाब से 20 शव निकाले हैं, जिनमें सात मासूम बच्चे और आठ महिलाएं शामिल हैं। जबकि 40 से अधिक श्रद्धालु घायल बताए गए हैं। जिन्हें इलाज से लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से कई की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। इस बीच हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम, एसपी सहित तमाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव का कार्य का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

सीएम योगी ने कासगंज में हुई दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने राहत कार्यों में तेजी लाने और पीड़ितों के इलाज के समुचित उपचार हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश प्रदान किए हैं।

वहीं कासगंज हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि जनपद कासगंज में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित उपचार के लिए निर्देशित कर दिया गया है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

Check Also

थार चलाने वालों का हिसाब किताब करेगी लखीमपुर की जनता: अखिलेश यादव

Lok Sabha Elections 2024: लखीमपुर खीरी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने …