आप-कांग्रेस गठबंधन,इस फॉर्मूले पर बनी दोनों दलों की बात…

नई दिल्ली: आगामी लोकसभा चुनाव में दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) आज दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सीट बंटवारे पर घोषणा होने की उम्मीद है।
आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में तीन सीटों की पेशकश की थी। इसपर लगभग सहमति बन गई है।

कांग्रेस को आम आदमी पार्टी ने चांदनी चौक सीट देने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा पूर्वी दिल्ली और नॉर्थ ईस्ट सीट कांग्रेस को देने का प्रस्ताव भी दिया है। आप की तीन सीटों की पेशकश पर दोनों दल सहमत हो गए हैं।

ऐसे में कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं, आम आदमी पार्टी नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली सीट से चुनाव लड़ सकती है। इसका औपचारिक एलान होना बाकी है। जो आज हो सकता है।

आप-कांग्रेस के समझौते से भाजपा बौखलाई : पाठक
आप ने एक बार फिर शुक्रवार को भाजपा पर हमला बोला है। आरोप है कि आप नेताओं को कांग्रेस से गठबंधन तोड़ने की धमकियां मिल रही हैं। ऐसा न करने की सूरत में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की धमकी मिल रही है। आप का कहना है कि कांग्रेस से समझौता होकर रहेगा, बेशक केजरीवाल की गिरफ्तारी हो जाए। साथ ही चुनौती दी है कि जिस दिन केजरीवाल गिरफ्तार होंगे, पूरे देश में आप के हक में सुनामी चलेगी और भाजपा का पूरा राजनीतिक गुना-गणित बिगड़ जाएगा।
आप के महासचिव (संगठन) संदीप पाठक के साथ दिल्ली सरकार के मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज पूरे मसले पर बात करने के लिए मीडिया के सामने आए। संदीप पाठक के मुताबिक, हमें संदेश भेजा जा रहा है कि इंडिया गठबंधन को छोड़ दो। उन्होने कहा, आप केजरीवाल की गिरफ्तारी की धमकी से डरने वाली नहीं है। हम देश के लिए गठबंधन में जा रहे हैं।

केजरीवाल की गिरफ्तारी संभव : भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस व आप में समझौते की खबर मिलते ही भाजपा बौखला गई है। आरोप है कि अचानक से ईडी ने मुख्यमंत्री को सातवां नोटिस भेज दिया। वहीं, बहुत से विश्वसनीय लोगों से जानकारी मिली कि ईडी के साथ सीबीआई भी केजरीवाल को गिरफ्तार करने जा रही है। यह आने वाले दो से तीन दिनों में हो जाएगा। तुरंत गिरफ्तारी में सीबीआई को इसलिए लगाया गया है कि ईडी कोर्ट में जाकर फंस गई है।

आतिशी ने भी केंद्र पर साधा निशाना
आतिशी का आरोप है कि केजरीवाल को मनीष सिसोदिया की तरह गिरफ्तार करने की केंद्र सरकार की साजिश है। इसी वजह से दो-तीन महीने से केजरीवाल को सात बार ईडी का नोटिस आया है। केंद्र सरकार को समझ में आ रहा है कि वह ईडी से केजरीवाल को गिरफ्तार नहीं कर पाएगी। इसलिए अब सीबीआई को सामने लेकर आई है।

Check Also

PMLA कोर्ट ने मंत्री आलमगीर आलम को 6 दिन की रिमांड पर भेजा

रांची। धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए गए …