दक्षिण कैलिफोर्निया में हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश….

कैलिफोर्निया। दक्षिण कैलिफोर्निया के मोहावी मरुस्थल में एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार नाइजीरिया के सबसे बड़े बैंकों में से एक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गयी है। हेलीकॉप्टर शुक्रवार रात 10 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ और उसमें सवार छह लोगों में एक्सेस बैंक के सीईओ हर्बर्ट विग्वे (57) भी शामिल थे।

नाइजीरियाई स्टॉक एक्सचेंज ‘एनजीएक्स ग्रुप’ के पूर्व अध्यक्ष बैमोफिन अबिमबोला ओगुनबांजो भी हादसे में मारे गए। नाइजीरिया के पूर्व वित्त मंत्री नगोजी अकोंजो-इवेला ने इन मौत की पुष्टि की है। इवेला अब विश्व व्यापार संगठन के महानिदेशक हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हर्बर्ट विग्वे, उनकी पत्नी और बेटे के साथ ही ओगुनबांजो की एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत होने की खबर से बहुत दुखी हूं।’’ विग्वे की मौत से नाइजीरिया और बैंकिंग क्षेत्र में शोक की लहर छा गयी है।

विग्वे के नेतृत्व में ही एक्सेस बैंक की संपत्ति और उपस्थिति कई अफ्रीकी देशों में बढ़ी। नाइजीरियाई राष्ट्रपति के प्रवक्ता बायो ओनानुगा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘विग्वे के पास एक्सेस होल्डिंग्स (मूल कंपनी) को अफ्रीका की सबसे बड़ी कंपनी बनाने की दूरदृष्टि थी।’’ संघीय विमानन प्रशासन ने पुष्टि की कि हेलीकॉप्टर ‘यूरोकॉप्टर ईसी 120’ में छह लोग सवार थे। उसने रात करीब आठ बजकर 45 मिनट पर पाम स्प्रिंग्स हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और वह नेवाडा के बोल्डर शहर जा रहा था।

 

Check Also

मध्य अफ्रीकी गणराज्य में नाव पलटने से 58 लोगों की मौत

बांगुई। मध्य अफ्रीकी गणराज्य (सीएआर) में नाव पलटने से कम से कम 58 लोगों की …