ममता बिना इंडिया गठबंधन का कोई महत्व नहीं: कांग्रेस

नई दिल्ली/गुवाहटी। कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन का अहम हिस्सा हैं और उनके बिना इस गठबंधन का कोई महत्व नहीं है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने असम के गुवाहाटी में आज संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, “ममता ने कहा कि हम भाजपा को हराना चाहते हैं। भाजपा को हराने के लिए कोई कदम पीछे नहीं छोड़ेगे और उनकी इसी भावना के साथ राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रही है।”

ममता के भारत जोड़ो न्याय यात्रा संबंध एक बयान पर उन्होंने कहा, “कुछ अवरोध आते रहते हैं उनको पार किया जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन की बहुत बड़ी नेता हैं और उनके बिना इंडिया गठबंधन की कल्पना नहीं की जा सकती है।” उन्होंने कहा, “ बनर्जी से बातचीत चल रही है और इसमें जो बाधाएं हैं उनका समाधान निकल आएगा।

खुद ममता ने कहा है कि भाजपा को हराना उनका कर्तव्य है, प्राथमिकता है और इसके लिए जो कुछ भी करना पड़े उसे करेंगे। इसी भावना के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा बंगाल में प्रवेश कर रही है। गठबंधन में जो भी अड़चनें हैं उनको बातचीत से दूर किया जाएगा और इंडिया गठबंधन पूरे देश में मिलकर काम करेगा।”

रमेश ने कहा, “हम विचारधारा की लड़ाई लड़ रहे हैं और आने वाले आम चुनाव में कांग्रेस का उद्देश्य सिर्फ भाजपा को हराना है। हिमंत बिस्व सरमा उस विचारधारा के प्रतीक हैं जिसने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ अन्याय किया है। यहां बिस्व सरमा के नेतृत्व में भ्रष्टाचार चरम पर है इसलिए मुख्यमंत्री के खिलाफ गांधी बोल रहे हैं। मैं असम के मुख्यमंत्री का धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने हमारी यात्रा को अपनी धमकियों से पब्लिसिटी दी। हम डरने वाले नहीं हैं।

हम पीछे नहीं हटेंगे।” उन्होंने कहा,“कल ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पश्चिम बंगाल पहुंचेगी और 26-27 जनवरी को आराम करने के बाद 28 जनवरी को पश्चिम बंगाल में यात्रा शुरू होगी। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 20 मार्च तक समाप्त होने की संभावना है और 20 से 23 मार्च के बीच ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ मुंबई पहुंचेगी और उसके बाद हमारा संगठन चुनावी प्रक्रिया में लग जाएगा।

कल राहुल गांधी जी ने चुनाव का शंखनाद बजा दिया है, जो 5 न्याय पर आधारित है।” इस बीच कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने नयी दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय स्थापित करने के लिए ही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ हो रही है। देश को मौजूदा हालात में युवा न्याय, भागीदारी न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय और श्रमिक न्याय की जरूरत है।

उनका कहना था कि देश की बहुसंख्यक आबादी आज भी न्याय की सम्पूर्ण स्थापना से बाहर है। देश में 45 वर्षों में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी है इसलिए युवा न्याय का मतलब है युवाओं को रोजगार मिले। लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करनी है इसलिए भागीदारी का न्याय चाहिए। नारी न्याय से महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और स्वतंत्र समाज का निर्माण करना है, किसान न्याय से किसानों को उनकी फसल के उचित दाम देना है और श्रमिक न्याय से श्रमिकों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा है कांग्रेस सरकार उनको उचित मूल्य दिलाएगी।

Check Also

PM Modi ने की ओलंपिक में जाने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय ओलंपिक दल के एथलीटों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री …