MP के खरगोन में बड़ा हादसा, रेलिंग तोड़ पुल से नीचे गिरी बस

THE  BLAT NEWS
खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन में बड़ा हादसा होने का समाचार है। यहां एक 50 फीट ऊंचे पुल से यात्रियों से भरी हुई बस सूखी नदी में नीचे गिर गई। हादसे में 25 लोगों के घायल होने के साथ ही लगभग 20 से अधिक मौतों की सूचना मिल रही है। 15 यात्रियों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की जा चुकी है। राज्य सरकार ने हादसे में घायल लोगों के मुफ्त इलाज के साथ ही मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का भी ऐलान कर दिया है।
Image result for MP के खरगोन में बड़ा हादसा, रेलिंग तोड़ पुल से नीचे गिरी बस, 15 लोगों की मौत, कई घायल
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह एक बस इंदौर की ओर जा रही थी। बस खरगोन में खरगोन टेमला मार्ग पर दसंगा के पास ही पहुंची थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस पुल से नीचे जा गिरी। बस के पुल से नीचे गिरने के बाद तेज आवास सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को निकालना शुरू कर दिया और हादसे की जानकारी पुलिस को भी दी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी एक्टिव मोड में आ गई। तुरंत ही मौके की ओर एम्बुलेंस रवाना की गई और पुलिस टीम भी भेजी गई। पुलिस और एम्बुलेंस के मौके पर पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने कई घायलों को ट्रैक्टर ट्रॉली से नजदीकी अस्पताल भेजा। डॉक्टर्स ने 14 लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में खरगोन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) धर्मवीर सिंह ने कहा था कि हादसे में 14 लोगों की मौत हुई है जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर की ओर जा रही बस में करीब 50 लोग सवार थे। बाद में एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जिसके बाद मृतकों की तादाद बढ़कर 15 हो गई। घायलों की संख्या भी 25 पहुंच गई है। मध्य प्रदेश सरकार ने खरगोन बस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान कर दिया है। सरकार ने इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 50 हजार और अन्य घायलों को भी 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मध्य प्रदेश सरकार ने हादसे में घायल हुए लोगों के मुफ्त इलाज का भी आदेश दिया है। हादसे का शिकार हुई बस से सभी यात्रियों को निकाल लिया गया है। घायलों का उपचार नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है। हादसे के कारणों के संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन तेज रफ्तार को इसकी वजह माना जा रहा है।

Check Also

जानें,मध्य प्रदेश चुनाव की 10 बड़ी बातें

मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर शुक्रवार (19 अप्रैल) को पहले …