सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी के पति समेत पांच खिलाफ  केस दर्ज, जानिए पूरा मामला

देवरिया में  एक महिला जिला पंचायत सदस्य की तहरीर पर भटनी पुलिस ने सपा समर्थित जिलापंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी रहीं शैलजा यादव के पति सहित पांच के खिलाफ  केस दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। महिला जिला पंचायत सदस्य का आरोप है कि पक्ष में मतदान न करने का झूठा आरोप लगाकर आरापियों की ओर से फेसबुक पर लगातार अभ्रद टिप्पणी की जा रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में पराजय के बाद समाजवादी पार्टी में आरोप – प्रत्यारोप का दौर शुरु हो गया है। जिले की वार्ड संख्या 41 सलेमपुर-भाटपाररानी आंशिक से समाजवादी पार्टी के टिकट पर जिला पंचायत सदस्य चुनी गई भटनी क्षेत्र के मड़पहीं की रहने वाली ममता यादव पत्नी अजय कुमार यादव पर भी सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान न करने को लेकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर  अभद्र टिप्पणी की है। जिला पंचायत सदस्य को इसकी सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने लिखा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सपा की ओर से चुनाव मैदान में उतरी शैलजा यादव के पति अजय कुमार यादव तथा उनके कुछ साथी तीन जुलाई से लगातार फेसबुक पर उनके खिलाफ अपमानजनक पोस्ट कर रहे हैं।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने भटनी पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। भटनी पुलिस ने  पथरदेवा के पकहां निवासी आरोपी अजय कुमार यादव, सुनील यादव उर्फ पिन्टू यादव पुत्र गोरख यादव, निवासी महुआबारी, बघौचघाट, राजन शर्मा निवासी पकहां,  बेलहां निवासी बली बादशाह, इमामुल हक शेख के खिलाफ 67आईटी एक्ट तथा 120 बी के तहत केस दर्ज किया है। विदित हो कि सपा की ओर से चुनाव मैदान में उतरी शैलजा यादव सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामइकबाल यादव की बहू हैं। चुनाव में उन्हें भाजपा के गिरीश चंद तिवारी से हार का सामना करना पड़ा था।

भटनी थानेदान श्याम सुंदर ने बताया कि महिला जिला पंचायत सदस्य की तहरीर के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

Check Also

1 जून से 7 जुलाई तक रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने घोषित किया ग्रीष्मकालीन अवकाश

बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय परिसर, संघटक महाविद्यालयों और संबद्ध सभी महाविद्यालयों में 1 जून …