दिल्ली में पारिवारिक विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने छोटे भाई को चाकू मारा

 

द ब्लाट न्यूज़ । दिल्ली में पारिवारिक कलह के बाद कैंची घोंपकर अपने छोटे भाई की हत्या करने के आरोप में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक अगस्त 2022 में संपत्ति को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के कारण आरोपी रोहित को उसकी मां ने संपत्ति से बेदखल कर दिया था। पुलिस ने कहा कि यह घटना शनिवार की रात पूर्वोत्तर दिल्ली के नंदनगरी इलाके में हुई।

पुलिस के अनुसार रात साढ़े 10 बजे जीटीबी अस्पताल से यश को घायल अवस्था में भर्ती किए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में यश को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक अस्पताल में माया देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति एक फोटो स्टूडियो चलाते थे, लेकिन 2020 में उनकी कोविड-19 के कारण मौत हो गई। माया देवी के मुताबिक उनके तीन बेटे हैं – रोहित (25), प्रशांत (23) और यश (21), तीनों अविवाहित हैं। पूछताछ में पता चला कि माया देवी के पति की मृत्यु के बाद घर उसके नाम पर स्थानांतरित कर दिया गया था लेकिन रोहित चाहता था कि घर उसके नाम पर पंजीकृत हो।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी बात को लेकर वह शराब पीता था और झगड़ा करता था। अधिकारी ने कहा कि उसके शराबी और झगड़ालू रवैये से परेशान होकर माया देवी ने अगस्त 2022 में रोहित को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार इसी बात को लेकर शनिवार की रात परिवार में झगड़ा हो गया और पुलिस बुलाने के बाद नशे की हालत में रोहित को जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया।

 

 

अधिकारी ने कहा कि बाद में रोहित घर लौटा और फिर मां और भाइयों से झगड़ा करने लगा। वह अपने भाइयों प्रशांत और यश के पीछे दौड़ा और यश की छाती पर कैंची से हमला किया। गंभीर रूप से घायल यश को परिवार द्वारा अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और हत्या के सिलसिले में उसके बड़े भाई रोहित को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।’’

Check Also

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने विधानसभा में पेश किया फीस नियंत्रण विधेयक, AAP ने लगाया ये आरोप

निजी स्कूलों में फीस को विनियमित करने वाले अपने विधेयक को ऐतिहासिक बताते हुए, दिल्ली …