2022 के विधानसभा में भाजपा जीतेगी 300 से अधिक सीट

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा जताया कि भाजपा उत्तर प्रदेश के 2022 के विधानसभा चुनाव में 403 में से 300 से अधिक सीट जीतेगी। इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी भाजपा को 2022 में उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीट मिलने की उम्मीद जताई थी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की 75 में से 67 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इस सफलता के लिए मैं भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा 2022 का उत्तर प्रदेश का विधानसभा का चुनाव बड़े अंतर से जीतेगी। हमको 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल के विधानसभा चुनाव के नतीजे भी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नतीजों के जैसे ही होंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे चार वर्ष के काम को जनता ने स्वीकार किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की इस जीत को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय पीएम नरेंद्र मोदी की लोक कल्याणकारी नीतियों का प्रतिफल है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भाजपा का लक्ष्य जिला जीतना है। पंचायत चुनाव के सकारात्मक परिणाम आए हैं। 75 में से भाजपा ने 67 पंचायत सीटों पर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 2014 के लोकसभा, 2017 के विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में जीती है। अब हम 2022 के विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज करेंगे। यह उत्तर प्रदेश में स्थापित सुशासन के प्रति जन विश्वास का प्रकटीकरण है। सभी प्रदेशवासियों का धन्यवाद एवं विजय की हार्दिक बधाई।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में एक मुहिम चलाई गई थी कि ईवीएम की वजह से हार हुई, लेकिन इसमें तो बैलेट पेपर ही था। उसके बाद भी हार हुई। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने इटावा, बलिया आदि में जीत गई, तो क्या यह जिले यूपी से बाहर हैं। यह निष्पक्षता का एक मानक है। अगर विपक्ष जीत गया तो समर्थन है और अगर हम जीत गए तो यह प्रशासन का दुरुपयोग है।

Check Also

इंस्टाग्राम पर नाम बदल कर किया किशोरी से दोस्ती फिर किया दुष्कर्म

•आरोपित ने अपने साथी दोस्त के साथ मिलकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और वीडियो …