जेडीयू विधायक शशिभूषण हजारी का निधन, काफी समय से थे बीमार, लगातार तीन बार चुने गए थे विधायक

पटना। जनता दल यूनाइटेड के विधायक शशिभूषण हजारी का गुरुवार को निधन हो गया। उनका दिल्ली में काफी समय से इलाज चल रहा था। हजारी हेपेटाइटिस की बीमारी से पीड़ित थे और पिछले काफी समय से दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा था। 55 साल के हजारी का गुरुवार तड़के इलाज के दौरान निधन हो गया।

हजारी बिहार विधानसभा चुनाव में दरभंगा की कुशेश्वरस्थान सीट से विधायक चुने गए थे। वे तीसरी बार विधानसभा पहुंचे थे। उनके निधन की खबर मिलने के बाद जेडीयू के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। हजारी बिहार सरकार में मंत्री भी रहे।

सादगी के कारण लोकप्रिय थे

दरभंगा के कद्दावर नेता हजारी लोगों में अपनी सादगी के चलते काफी लोकप्रिय थे। जनता से जुड़ाव के कारण उन्हें बेहद पसंद किया जाता था। इसका सबसे बड़ा उदाहरण उनका अलग-अलट पार्टियों के टिकट पर चुनाव लड़कर विधानसभा में पहुंचना था।

लगातार तीन बार दर्ज की जीत

शशिभूषण हजारी ने 2010 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और उन्होंने जीत दर्ज की थी। महागठबंधन में रहते हुए 2015 में जेडीयू की टिकट से विधानसभा तक पहुंचे थे। जबकि पिछले साल उन्होंने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की थी। इस बार भी उन्होंने जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हजारी के निधन के समाचार से स्थानीय लोग भी काफी दुखी हैं।

Check Also

फिल्म’ पहले दिन ही सुपर फ्लॉप हो गई : तेजस्वी यादव

पटना। बिहार में लोकसभा की चार सीट पर मतदान होने के एक दिन बाद राष्ट्रीय …