समाजवादी पार्टी ने छह साल के लिए पूर्व मंत्री पुत्र सचिन यादव को पार्टी से बाहर निकाला

फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी ने पूर्व मंत्री के पुत्र सचिन यादव को छह साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। सचिन यादव भाजपा समर्थित अपनी बहन मोनिका यादव को सपा उम्मीदवार के विरोध में जिला पंचायत का चुनाव लड़ा रहे हैं। पार्टी विरोधी गतिविधियों को देखकर उन्हें पार्टी से निकाला गया है।

समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष पद के सुबोध यादव को पार्टी उम्मीदवार बनाया है। उनके विरोध में इस समय सचिन यादव की बहन मोनिका यादव भाजपा के समर्थन से चुनाव मैदान में है। सचिन यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव ना लड़ने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ बुलाकर काफी समझाया था। इसके बाद भी वह सपा से बगावत करके अपनी बहन मोनिका यादव को सपा उम्मीदवार के विरोध में चुनाव मैदान में उतार दिया।

सुबोध यादव और सचिन यादव के बीच वर्ष 2014 से राजनैतिक प्रतिद्वंद्विता चली आ रही है। अलीगंज के विधायक रामेश्वर सिंह यादव को वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में लोकसभा उम्मीदवार के रूप में पार्टी ने फर्रुखाबाद से चुनाव मैदान में उतारा था। जिस समय रामेश्वर यादव को फर्रुखाबाद लोकसभा का उम्मीदवार बनाया गया उस समय यहां के नरेंद्र सिंह यादव सपा में होमगार्डमंत्री के पद पर कार्यरत थे।

पूर्व मंत्री पुत्र सचिन यादव का कहना है कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव उन्हें एक साल पहले वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने की का आश्वासन दे चुके थे। उनके आश्वासन पर उन्होंने क्षेत्र में जमकर चुनाव प्रचार किया और चुनाव के कुछ दिन पहले उनका नाम हटाकर रामेश्वर यादव को सपा प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। जिसकी वजह से वह भी निर्दलीय रूप में चुनाव मैदान में कूद गए। नतीजतन नरेंद्र सिंह यादव को अपना मंत्री पद गवाना पड़ा। मौजूदा समय में सपा की ओर से जिला पंचायत चुनाव में रामेश्वर सिंह यादव के पुत्र सुबोध यादव चुनाव मैदान में हैं। इनके विरोध में सचिन यादव ने अपनी बहन मोनिका यादव को चुनाव मैदान में उतारा।

सचिन यादव की पार्टी विरोधी गतिविधियां देख कर पार्टी हाईकमान ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। इस संबंध में सपा के जिलाध्यक्ष नदीम फारुकी का कहना है कि पार्टी महासचिव नरेश उत्तम ने सचिन यादव को पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी मैं बगावत करने वालों का यही हश्र होगा।

Check Also

उपराष्ट्रपति धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी ने किया यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा । उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को …