द ब्लाट न्यूज़ । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि सौ फीसदी भ्रष्टाचार दर अरविंद केजरीवाल ही दे सकते हैं।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पंजाब के निवर्तमान स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला, अरविंद केजरीवाल के लिए कमीशन और घूसखोरी कर रहे थे। अब सिंगला को मजबूरी में पद से हटाकर अरविंद केजरीवाल वाहवाही लूटना चाहते थे। उन्होंने कहा कि पंजाब की आप सरकार को 68 दिन हुए हैं। इन दिनों में एक बात का निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि पंजाब आम आदमी पार्टी से संभल नहीं रहा है।
भाटिया ने कहा कि पंजाब और देश की जनता ये कह रही है कि आप जहां-जहां जाते हैं, वहां भ्रष्टाचार खुद ही पहुंच जाता है। 6 अप्रैल 2022 को अरविंद केजरीवाल का कहना था कि 20 दिन में हमने पंजाब से भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है। अब जनता उनसे ये पूछ रही है कि जो भ्रष्टाचार आपने खत्म कर दिया था 20 दिन में, तो उसका पुनर्जन्म क्या आपकी ही सरकार ने कराया है? भाजपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की 2 राज्यों में सरकार है। आप की पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्री भ्रष्टाचारी निकले। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पर भी भ्रष्टाचार के आरोप हैं। 2 प्रदेश, 2 स्वास्थ्य मंत्री, दोनों भ्रष्टाचारी। यानी सौ फीसदी भ्रष्टाचार दर अरविंद केजरीवाल ही दे सकते हैं।
The Blat Hindi News & Information Website