दाखिल जवाब में पीड़ित स्वजन के प्रश्न पर उलझी पुलिस…

द ब्लाट न्यूज़ । पुलिस की लचर कार्यप्रणाली की पोल कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल में खुली। पीड़िताओं व स्वजन ने रोकर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम के सामने अपना दर्द बयां किया। साथ ही पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए, पीड़िता व स्वजन के कई सवाल पर पुलिस कठघरे में खड़ी नजर आई। चौपाल में 11 लोगों ने अपनी पीड़ा बयां की। सभी को आश्वासन की घुट्टी मिली है। विमला बाथम ने बताया कि महिलाओं की ओर से दर्ज कराए गए लगभग दस फीसद मामले जांच में मिलते हैं झूठे।

लगभग नौ माह पूर्व नोएडा से एक लड़की संदिग्ध परिस्थिति में गायब है। पुलिस टीम अब तक उसका सुराग नहीं लगा पाई है। स्वजन आए दिन पुलिस अधिकारियों व कोतवाली का चक्कर लगा रहे हैं। पीड़िता की बड़ी बहन ने बिमला बाथम को बताया कि मामले में एक अन्य लड़की पर शक व्यक्त किया गया था। जांच में पुलिस ने पहले बताया था कि उनकी बहन व आरोपित लड़की के मोबाइल की लोकेशन दो मीटर की दूरी पर मिली है। बाद में पुलिस ने कह दिया कि दो घंटे की दूरी पर मिली है। साथ ही बताया कि घटना के कई दिन बाद एक नए नंबर से बहन का फोन आया था। उसने सिर्फ हेलो बोला था। उसकी आवाज पहचान ली थी। वह नंबर पुलिस को दिया गया। बाद में पुलिस ने एक लड़के को पकड़ा और कहा कि वह लड़की की आवाज में बोल रहा था। पीड़ित स्वजन के द्वारा उठाए गए कई सवाल का मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारी जवाब नहीं दे पाए।

विमला बाथम ने पीड़ित स्वजन को आश्वासन दिया कि मामले में वह स्वयं निगरानी रखेंगी। पुलिस को कड़ाई से जांच करने का निर्देश दिया जाएगा। एक अन्य पीड़ित पिता ने अपना दर्द बया किया। दूसरे धर्म के युवक पर नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोप लगाया। साथ ही आरोप लगाया कि जब वह अपहरण का मामला दर्ज कराने कोतवाली गए तो पुलिस ने कहा कि गुमशुदगी की तहरीर लिखकर दो। आरोप लगाया कि जिस लड़के पर शक व्यक्त किया गया है, उसके खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। साथ ही अन्य लोगों ने भी अपनी पीड़ा बयां की। एक सवाल के जवाब में विमला बाथम ने कहा कि प्रदेश भर में चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। जांच के बाद पाया गया है कि महिलाओं के द्वारा लगाए जाने वाले लगभग दस प्रतिशत आरोप झूठे हो होते हैं। उन्हें समझाया जाता है कि आगे से गलत आरोप लगाकर मामला दर्ज न कराएं।

Check Also

छत के पंखे से लटका मिला युवक का शव, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Kanpur, ब्यूरो। कानपुर जनपद के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक ने पंखे में लटक …