द ब्लाट न्यूज़ । मुख्यमंत्री आवास पर हुई तोड़फोड़ के मामले में आप नेताओं ने शनिवार को भाजपा पर सीधा निशाना साधा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेसवार्ता कर भाजपा पर आरोप लगाए। इसके साथ ही तोड़फोड़ के आरोपियों को सम्मानित करने को लेकर आम आदमी पार्टी के तमाम नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा कि अमेरिका में कोई गुंडागर्दी करता है तो वो जेल जाता है, भारत में वो उस पार्टी में जाता है। यूरोप में अगर कोई लड़की छेड़ता है तो जेल जाता है, भारत में उनकी पार्टी में जाता है। ये कभी अच्छे स्कूल नहीं बनाएंगे। इन्हें अपनी राजनीति के लिए लाखों अनपढ़ गुंडे, लफंगे और बेरोजगार चाहिए। यदि विश्वगुरु बनना है तो गुंडागर्दी लफंगई करने वाली पार्टियों का बहिष्कार कीजिए। आप शरीफ, ईमानदार, देशभक्तों, पढ़े-लिखों की पार्टी है। आप का साथ दीजिए। हमें अपने बच्चों और नौजवानों को अच्छी शिक्षा व अच्छे रोजगार देकर पश्चिमी देशों से प्रतियोगिता के लिए तैयार करना है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा के लोगों को हमारा संदेश साफ है कि आप गुंडागर्दी कीजिए, वहीं अरविंद केजरीवाल स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनाएंगे। भारतीय जनता पार्टी और उसके गुंडे सबसे ज्यादा अरविंद केजरीवाल और उनके शिक्षा मॉडल से डरते हैं। हम देशभक्त लोग हैं, बीजेपी की गुंडागर्दी से डर कर भागने वाले नहीं हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहले भी किए हमले : सिसोदिया
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पहले भी हमले किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार इस तरह की घटनाओं को अंजाम देती है। उपमुख्यमंत्री ने ऐसी की कुछ घटनाएं गिनवाईं।
1. दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा के गुंडों द्वारा हमला।
2. उपमुख्यमंत्री आवास पर भाजपा के 150-200 कार्यकर्ताओं द्वारा उस वक्त हमला किया गया, जब घर पर उपमुख्यमंत्री की पत्नी और बेटा अकेले थे। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य और पिछला दरवाजा तोड़ा गया।
3. भाजपा सांसद मनोज तिवारी के नेतृत्त्व में भाजपा के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं ने जल-बोर्ड के यूजीआर में तोड़फोड़ की, यूजीआर एक सुरक्षित और संवेदनशील जगह होती है, जहां से लोगों के लिए जलापूर्ति सुनिश्चित की जाती है। भाजपा ने इस हमले को भी सही ठहराया।
4. जलबोर्ड मुख्यालय झंडेवालान पर भाजपा के नेताओं द्वारा हमला, दफ्तर में तोड़फोड़, स्टाफ और महिलाओं के साथ बदतमीजी।
भाजपा भी स्कूल-कॉलेज नहीं खोलेगी: सौरभ भारद्वाज
ग्रेटर कैलाश से आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज देश में गुंडागर्दी और लफंगागिरी करने वालों के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी मौजूद है। भाजपा देश में कभी भी शिक्षा पर जोर नहीं देती, क्योंकि अगर देश शिक्षित हो जाएगा तो हजारों-लाखों अनपढ़ लफंगे भाजपा को कहां से मिलेंगे। यही वजह है कि भाजपा कभी देश के अंदर स्कूल और कॉलेज नहीं बनाएंगी। भाजपा के राज में बेरोजगारी बढ़ने की एक वजह यह है कि भाजपा को हजारों-लाखों अनपढ़ों की एक ऐसी फौज चाहिए, जो देश में दंगे कराए और गुंडागर्दी करें।
The Blat Hindi News & Information Website