गौतम अडानी शीर्ष-10 अमीरों में अकेले भारतीय…

डे नाईट न्यूज़ । अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग की अरबपतियों की सूची के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 118 अरब डॉलर हो गई है। साथ ही दुनिया की शीर्ष-10 अरबपति अमीरों की सूची में अब वे इकलौते भारतीय हैं। कुल संपत्ति के मामले में अडानी अब गूगल के सहसंस्थापक लैरी पेज से भी आगे निकल गए हैं। लैरी की कुल संपत्ति 116 अरब डॉलर है। बीते एक सप्ताह में गौतम अडानी की संपत्ति में 18 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। गौतम अडानी बीती चार अप्रैल को 100 अरब डॉलर के क्लब में शामिल हुए थे। एक साल पहले इसी तारीख को अडानी की कुल संपत्ति 57 अरब डॉलर थी। 2022 में अब तक अडानी की संपत्ति 41.6 अरब डॉलर बढ़ी है।

इसलिए बढ़ रही संपत्ति

अडानी समूह की कुल सात कंपनियां शेयर बाजारों में सूचीबद्ध हैं जिनका संयुक्त बाजार पूंजीकरण 200 अरब डॉलर से ज्यादा है। इन कंपनियों में अडानी परिवारी की 74 फीसदी तक हिस्सेदारी है। बीते लंबे समय से इन कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया जा रहा है। इससे अडानी की व्यक्तिगत संपत्ति भी बढ़ रही है।

वॉरेन बफेट को पछाड़ सकते हैं

घरेलू शेयर बाजार में जिस तरह से अडानी समूह की कंपनियों के शेयर बढ़ रहे हैं, उससे गौतम अडानी बार्कशायर हैथवे के वॉरेन बफेट को भी पछाड़ सकते हैं। ब्लूमबर्ग के अनुसार, वॉरेन बफेट की कुल संपत्ति 127 अरब डॉलर है और वे अडानी से सिर्फ नौ अरब डॉलर आगे हैं।

अडानी समूह की कंपनियां

अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड

अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड

अडानी पावर लिमिटेड

अडानी ट्रांसमिशन लिमिटेड

अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड

अडानी टोटल गैस लिमिटेड

अडानी विल्मर लिमिटेड

मुकेश अंबानी 11वें स्थान पर

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ब्लूमबर्ग की सूची में 11वें स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 97 अरब डॉलर है। गौतम अडानी के मुकाबले मुकेश अंबानी की संपत्ति 21 अरब डॉलर कम है।

दुनिया के शीर्ष-5 अमीर

एलन मस्क 249

जेफ बेजोस 176

बर्नार्ड अर्नाल्ट 139

बिल गेट्स 130

वॉरेन बफेट 127

राशि अरब डॉलर में है।

 

Check Also

अनुशासित व समर्पित भाव से सामाजिक कार्यो के प्रति हों संकल्प बद्ध-प्रो0 अमित

प्रतापगढ़ :  सिटी स्थित पीबीपीजी कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के चार इकाइयों का सात …