नेताओं ने लोगो को रामनवमी की दी शुभकामनाएं…

द ब्लाट न्यूज़ । राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रमुखों ने रविवार को लोगों को रामनवमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
नेताओं एवं प्रमुखों ने रामनवमी के मौके पर सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। नेताओं और प्रमुखों ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा से सभी को जीवन में सुख,शांति और समृद्धि प्राप्त हो। उन्होंने देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा,“ हम सब प्रभु राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प लें।”
श्री कोविंद ने कहा, “सभी देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन, उनकी कर्तव्यनिष्ठा और उच्च आदर्श पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा के स्रोत हैं। आइए, हम सब प्रभु राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प लें।”
उपराष्ट्रपति ने रामनवमी के अवसर पर जारी एक संदेश में कहा कि
भारतीय परंपरा में, भगवान राम धार्मिकता, साहस और करुणा के गुणों का प्रतीक हैं। उनका जीवन सत्य, न्याय, बड़ों के प्रति सम्मान और सभी मनुष्यों के लिए प्रेम के सिद्धांतों का पर्याय है। उन्होंने कहा,“मैं भगवान राम के जन्मदिन के रूप में मनाए जाने वाले ‘राम नवमी’ के पावन अवसर पर अपने देश के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।” उन्होंने कहा कि ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ एक आदर्श राजा, एक आज्ञाकारी पुत्र, एक स्नेही भाई और सच्चे अर्थों में एक आदर्श के रूप में पूजनीय है। भगवान राम का जीवन हमें उनके महान आदर्शों और उच्च नैतिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता रहता है।
श्री मोदी ने आज ट्वीट करके कहा, “देशवासियों को रामनवमी की ढेरों शुभकामनाएं। भगवान श्रीराम की कृपा से हर किसी को जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त हो। जय श्रीराम!”
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को रामनवमी महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन हमें मर्यादाओं का पालन कर सत्य व धर्म के मार्ग पर चलने की सीख देता है। उन्होंने आज ट्वीट कर कहा, “ समस्त देशवासियों को रामनवमी के महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन हमें मर्यादाओं का पालन कर सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलने की सीख देता है। प्रभु श्री राम सभी पर अपनी कृपा व आशीर्वाद बनाए रखें। जय श्री राम!”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,“श्रीरामनवमी के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। भगवान श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूँ।”
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा,“समस्त देशवासियों को रामनवमी की अनंत मंगलकामनाएं। प्रभु श्रीराम आप सभी को सुख-शांति और सौभाग्य का वरदान दें।”
कांग्रेस के नेता एवं सांसद राहुल गांधी ने कहा,“आप सभी को राम नवमी की हार्दिक शुभकामनाएँ। आशा करता हूँ ये पावन पर्व सभी के जीवन में खुशियां लाये।”
श्री केजरीवाल ने भी लोगों को बधाई दी और सभी के लिए एक समृद्ध और सुखी जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने कहा,“श्री रामनवमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई। अपने आचरण में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जी के आदर्शों को अपनाकर मानवता की सेवा करें। भगवान राम जी से प्रार्थना है कि आप सभी समृद्ध एवं सुखी रहें।”
रामनवमी का त्योहार भगवान राम के जन्म को चिह्नित करने के लिए मनाया जाता है। रामनवमी हिंदुओं द्वारा मनाए जाने वाले महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। हिन्दू पंचांग के अनुसार हर साल चैत्र मास की नवमी तिथि को रामनवमी मनाई जाती है।

 

Check Also

रूस में आतंकी हमला, 40 लोगों की मौत,100 से भी अधिक लोग हुए घायल

The Blat News: रूस की राजधानी मास्को शुक्रवार को आतंकी हमले से दहल गई। चार …