बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के बाद गला रेतकर हत्या, पेट में 25 से अधिक बार चाकू घोंपा

नई दिल्ली । पूर्वी दिल्ली के थाना न्यू अशोक नगर क्षेत्र के दल्लूपुरा गांव में एक घर के अंदर 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला के गले व शरीर पर धारदार हथियार से 2 दर्जन से भी ज्यादा वार किए गए हैं। महिला के बेटे के घर वापस आने पर वारदात का खुलासा हुआ। मृतक महिला निर्वस्त्र हालत में खून से लथपथ पड़ी हुई थी।

जानकारी के अनुसार, मृतका मूलरूप से बिहार के बेगूसराय की रहने वाली थी और दल्लूपुरा गांव में अपने बेटे के साथ किराये पर रहती थी। महिला सब्जी बेचती थी, जबकि उसका बेटा सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वारदात के दौरान महिला घर पर अकेली थी। बताया जा रहा है कि दुष्कर्म के बाद बुजुर्ग महिला की गला रेत कर हत्या की गई है। महिला के पेट में 25 से अधिक बार चाकू घोंपा गया था और पैर भी काटने का प्रयास किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। परिवार ने महिला के साथ रेप करके हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह यौन उत्पीड़न का मामला प्रतीत होता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। पुलिस ने घटना के महज चंद घंटों के अंदर ही कथित तौर पर हत्या के आरोपी 30 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विपिन पुत्र नवल सिंह निवासी दल्लूपुरा के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि ऐसी ही एक घटना रविवार को उत्तरी दिल्ली में बुराड़ी इलाके में देखने को मिली थी, जहां एक घर में एक 65 वर्षीय महिला का शव मिला था, जिसके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने और बायां पैर जलाए जाने के निशान मिले थे। महिला की पहचान बुराड़ी के कमलपुर की रहने वाली राजवरी के रूप में हुई थी। पुलिस ने बताया था कि एक ढाबा चलाने वाले प्रमोद (38) के अनुसार, वह और उसकी पत्नी शनिवार को खजूरी गए थे, लेकिन जब वे रात करीब 10 बजे घर लौटे, तो उसे उसकी मां मृत मिली। उसकी मां का गला कटा हुआ था और उसके बाएं पैर पर जले होने के निशान थे।

Check Also

दिल्ली : एक कैब चालक की गोली मारकर कर दी गयी हत्या…

नई दिल्ली। दिल्ली में कथित तौर पर ‘रोडरेज’ की एक घटना में एक कैब चालक …