स्कूल में मची अफरा-तफरी, दाल का भगौना गिरने से दो छात्र झुलसे

फ़ोटो: यही दोनो बच्चे झुलसे झुलसे... कन्नौज। भोजन के समय जल्दी खाना पाने के चक्कर में छात्रों में धक्का-मुक्की हो गई। इससे गर्म दाल का भगोना पलट गया। इसमें दो छात्र गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कालेज रेफर किया गया। वहीं स्वजन ने शिक्षकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

गांव कुशलपुर्वा में उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय संचालित हो रहा है। रोज की भांति विद्यालय में रसोईया कमला, शोभा, अनीता व रेखा ने भोजन बनाया था। बच्चे भोजन लेने के लिए लाइन में लगे थे। कुछ देर बाद जल्दी खाना पाने के चक्कर में धक्का-मुक्की होने लगी। खाना परोसते समय गर्म दाल का भगौना पलट गया। इससे गरम दाल कक्षा पांच में पढ़ने वाले योगेश पुत्र रमेश चंद व अर्पित पुत्र श्याम सिंह पर गिर गई। जिस कारण दोनों झुलस गए।

प्रधानाध्यापक ने बोलेरो से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत में मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। अभिभावक श्याम सिंह सहित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक व शिक्षक एक कमरे में बैठ कर बात कर रहे थे। बच्चों को भोजन वितरित कराने के लिए कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था। ऐसे में वह आपस में ही धक्का-मुक्की कर रहे थे। शिक्षकों की लापरवाही से हादसा हुआ है।

वहीं प्रधानाध्यापक उरोज आलम ने बताया कि बच्चों की लाइन लगी हुई थी। धक्का लगने से बच्चे भगौने पर गिरे और भगौना पलट गया। इससे दो बच्चे झुलस गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह ने बताया कि वह परीक्षा ड्यूटी में है। घटना की जानकारी की जा रही है।

Check Also

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा-जिस गाड़ी में सपा का झंडा होता था उसमें गुंडे होते थे

शाहजहांपुर/मिर्जापुर: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मिर्जापुर की धरती से सपा पर निशाना साधा। कहा …