कमरे की चौखट से लटकी मिली विवाहिता महिला…

द बलात न्यूज़ । नवीन नगर चौकी क्षेत्र के विनय नगर में एक विवाहिता कमरे में चौखट से लटकी मिली। उसके पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवाहिता की शादी महज छह महीने पहले हुई थी।

नांगलोई दिल्ली निवासी हरिकिशन श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बेटी आंचल की शादी छह महीने पहले यहां विनय नगर में रहने वाले ओम श्रीवास्तव के साथ की थी। ओम शहर की एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। रविवार शाम आंचल का भाई प्रभात होली का शगुन देने के लिए उसके घर आया था। उसे अपना बहनोई ओम श्रीवास्तव घर के बाहर खड़ा मिला। वह दरवाजे की घंटी बजा रहा था, मगर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हो रही थी। प्रभात ने भी

कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। ओम ने बताया कि आंचल की फोन पर सास के साथ कहासुनी हो गई थी, इसलिए वह नाराज होगी। उसने प्रभात से बाजार चलने के लिए कहा। दोनों बाजार चले गए। रास्ते में ओम ने बताया कि सुबह कहासुनी के बाद आंचल रो रही थी। इस बीच प्रभात ने आंचल को कई बार फोन लगाया, मगर कोई उत्तर नहीं मिला। वह बहनोई के साथ आधे रास्ते से वापस लौट आया। घर पहुंचकर सीढ़ी का इंतजाम किया गया। सीढ़ी से प्रभात घर के अंदर दाखिल हुआ। उसने देखा कि आंचल ने कमरे की चौखट से फंदा लगाया हुआ था। उसने दरवाजा खोला और आंचल को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरिकिशन ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले आंचल को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उनकी प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली है या ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी है। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Check Also

Kanpur: सब्जी विक्रेता आत्महत्या मामले पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, गिरफ्तारी के दिए निर्देश

•चकरपुर मंडी चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार यादव व सिपाही अजय यादव मृतक सुनील से वसूली …