मुंबई । मुंबई के आलराउंडर शिवम दुबे और टीम के वीडियो विश्लेषक का कोविड-19 के लिये किया गया परीक्षण पॉजिटिव आया है। दुबे के स्थान पर साईराज पाटिल को मुंबई की 20 सदस्यीय रणजी टीम में शामिल किया गया है।
मुंबई की टीम से जुड़े सूत्रों ने सोमवार को कहा, ‘‘हां, दो सदस्यों का कोविड-19 का परीक्षण पॉजिटिव आया है तथा दुबे की जगह साईराज पाटिल को टीम में शामिल किया गया है।’’
दुबे ने अब तक भारत के लिये एक वनडे और 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इस 28 वर्षीय खिलाड़ी को महाराष्ट्र और दिल्ली के खिलाफ होने वाले मैचों के लिये मुंबई की शुरुआती टीम में शामिल किया गया था।
रणजी ट्राफी में 41 बार के चैंपियन मुंबई को एलीट ग्रुप सी में रखा गया है और वह अपने लीग मैच कोलकाता में खेलेगा।
The Blat Hindi News & Information Website