नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि प्रदेश में लाखों लड़कियां पार्टी की प्रदेश प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं ‘ नारे से जुड़ रही हैं और उत्तर प्रदेश में लड़किया अन्याय से लड़ने को पूरी तरह तैयार और तत्पर हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने कहा ‘’लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ एक मज़बूत आगाज है- बेटियों को शक्ति देने का, बेटियों को सशक्त बनाने का। बेटियों को कमजोर समझने की भूल अब कोई भी न करे।
पार्टी ने कहा कि झांसी में श्रीमती वाड्रा के इस अभियान के तहत आयोजित मैराथन में 10000 से अधिक लड़कियां शामिल हुई है जिससे साबित होता है कि प्रदेश की लड़कियां इस नारे से जुड़ रही हैं और खुद को समर्थ महसूस कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस ने इस संबंध में एक वीडियो जारी करते हुए कहा “बिना सरकारी बसें लगाए, बिना सरकारी तंत्र लगाए, आज झांसी में 10,000 से अधिक लड़कियां ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ मैराथन में दौड़ने उतरीं। आज प्रदेश की हर एक लड़की इस नारे के साथ जुड़ाव महसूस कर रही है।
लखनऊ में ऐसा आयोजन नहीं होने देने के लिए पार्टी ने राज्य सरकार की आलोचना की और कहा “योगी आदित्यनाथ जी लड़कियों की उड़ान और आवाज के इतने ज्यादा विरोधी हैं कि उन्होंने लखनऊ में मैराथन की परमिशन कैंसल कर दी। लेकिन लड़कियां सहेंगी नहीं। लड़कियां लड़ेंगी।
The Blat Hindi News & Information Website