नई दिल्ली। भाजपा शासित एमसीडी द्वारा ट्रेड व फैक्ट्री लाइसेंस के बढ़े शुल्क, किराये की संपत्ति और खाली संपत्ति पर बढ़ाया टैक्स वापस लेने को आम आदमी पार्टी ने अपनी जीत बताया है। आप के ट्रेड विंक संयोजक बृजेश गोयल ने व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह आप व 10 लाख व्यापारियों की जीत है। मगर उन्होंने अभी भी 50 मीटर तक की संपत्ति पर हाउस टैक्स माफ करने की घोषणा लागू नहीं करने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। आप के उत्तरी निगम में नेता विपक्ष विकास गोयल ने कहा कि भाजपा को इस घोषणा को भी पूरा करना चाहिए।
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में बृजेश गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने व्यापारियों की एक बड़ी लड़ाई जीत ली है। भाजपा शासितए एमसीडी ने कुछ समय एक तुगलकी फरमान जारी करते हुए जनरल ट्रेड लाइसेंस फीस को 17 गुना तक बढ़ा दिया, फैक्ट्री लाइसेंस फीस को लगभग 40 गुना बढ़ा दिया, किराए की संपत्ति पर हाउस टैक्स को लगभग दोगूना कर दिया और खाली जगहों पर हाउस टैक्स भी बढ़ा दिया। आप पार्षदों ने अंदर और बाहर जमकर इसका विरोध किया। व्यापारियों के साथ मिलकर सिग्नेचर अभियान चलाया। उस लड़ाई का फायदा रहा कि एमसीडी को उसे वापस लेना पड़ा है।
आप पार्षद विकास गोयल ने कहा कि मगर अभी भी 50 मीटर तक की संपत्ति पर हाउस टैक्स माफ करने की घोषणा को पूरा नहीं किया गया है। इस तरह के छूट का कोई प्रस्ताव एमसीडी की बैठकों में नहीं आया है। उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने खुद प्रेस वार्ता करके घोषणा की थी कि 50 वर्ग मीटर तक कि संपत्तियों पर हाउस टैक्स माफ कर रहे हैं। इससे संबंधित होर्डिंग भी इन्होंने पूरी दिल्ली में लगा दिए। लेकिन आज सदन की बैठक में खुद भारतीय जनता पार्टी के महापौर ने माना कि ऐसी कोई घोषणा लागू नहीं की गई है।
The Blat Hindi News & Information Website