राम ही करेंगे बेड़ा पार…

 

अयोध्या/नई दिल्ली। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को अयोध्या में कहा कि राम के नाम पर बात करने वाली पार्टी क्या कर रही है, यह सभी जानते हैं। प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। युवाओं के पास रोजगार नहीं है। किसान को फसल का सही भगुतान नहीं हो पा रहा है। पीड़ित को न्याय दिलाने के बजाय भाजपा सरकार गुंडों के साथ खड़ी दिख रही है। ऐसे में रामराज्य का वादा करने वाली सरकार से जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। वास्तविकता तो ये है कि भाजपा सरकार न ही आम की है, और न ही राम की है।

सिसोदिया आम आदमी पार्टी की ओर से निकाली जाने वाली तिरंगा संकल्प यात्रा के पहले शहर के एक होटल में मंगलवार की सुबह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को अयोध्या के संतों ने भी आशीर्वाद दिया है। रामलला के चरणों में दर्शन-पूजन करके आशीर्वाद मांगा है। संतों के आर्शीवाद का ही परिणाम है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार चल रही है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में अरविंद केजरीवाल ही एक ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो भगवान राम की प्रेरणा व आशीर्वाद से सरकार चला रहे हैं।

भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में रामराज्य की बात होती है लेकिन राम के नाम पर बात करने वाले क्या कर रहे हैं, सभी जानते हैं। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश में भगवान श्रीराम के नाम की प्रेरणा लेकर उनके आदर्श पर सरकार चलाने की अर्जी हमनें रामलला के चरणों में लगाई है। रामराज के सिद्धांतों पर सरकार चलेगी। आम आदर्मी पार्टी राजनीति नहीं करके धर्म व जाति से ऊपर उठकर बेहतर शिक्षा, महिला सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों को उनके फसल के सापेक्ष लाभ दिलाने का कार्य करेगी। पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, दिल्ली मॉडल टाउन के विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी व मुख्य प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी सहित कई नेता मौजूद रहे।

योगी सरकार पर तंज कसे
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने योगी सरकार पर कई तंज कसे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार ने साढ़े चार साल में क्या किया है। सभी जानते हैं। जब योगी की सरकार बनी थी, तब भाजपा ने वादा किया था कि भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलवा देंगे। गुंडाराज समाप्त करवा देंगे। नौजवानों को नौकरी देंगे। योगी ने किसानों को भी सपने दिखाए थे। उनकी आय दोगुना करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि ऐसी कानून व्यवस्था लाएंगे कि महिलाओं की सुरक्षा होगी लेकिन साढे़ चार में बड़े- बड़े वादे ढे़र हो गए। अब यूपी की जनता सभी क्षेत्रों में खुद को ठगा महसूस कर रही है।

तिरंगा यात्रा में राष्ट्रवाद भी है और हिन्दुत्व भी
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मकसद ही है कि आजादी के 75 वें वर्ष में तिरंगे की ओर देखकर तिरंगे के नीचे रहने वालों की अच्छी शिक्षा, महिला सुरक्षा, रोजगार के लिए व्यवस्था करना। तिरंगा यात्रा में राष्ट्रवाद भी है और हिन्दुत्व भी है। तिरंगा यात्रा लेकर निकले हैं क्योंकि राष्ट्र और राम सब के हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुख में राम रखते हैं और बगल में छुरी रखते हैं। यूपी में चुनावी तैयारी के सापेक्ष उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई भी पार्टी गठबंधन योग्य नहीं हैं। आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी और किसानों के लिए कार्य करेगी।

तिरंगा संकल्प यात्रा के उदेश्य पर चर्चा करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा लेकर रामनगरी में लोगों के बीच जाकर उन्हें वास्तविकता से परिचित कराया जाएगा। आगरा से शुरू होकर नोएडा तक गई तिरंगा यात्रा में मिले अपार समर्थन की वजह से ही अयोध्या में भी तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि राम के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों ने राम के नाम पर चंदा लिया और उसकी चोरी की। रामलला के मुख्य पुजारी सहित अयोध्या के कई संतों ने पूरे प्रकरण की जांच की मांग की, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। सिर्फ राम के नाम का प्रयोग सत्ता हासिल करने के लिए और भ्रष्टाचार करने के लिए किया गया। मनीष सिसोदिया ने कहा यह लोग न राम के हैं न आम के हैं। ऐसे लोगों के मुंह में राम है और बगल में छुरी है। संजय सिंह ने यह भी कहा कि तिरंगा यात्रा में राष्ट्रवाद भी शामिल है और हिंदुत्व भी है। संजय सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि यूपी में वह किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेंगे।

Check Also

अवध विवि के प्रशिक्षु टूरिस्ट गाइड अयोध्या के विभिन्न ऐतिहासिक धरोहरो से हुए परिचित

Ayodhya, Rishabh Tiwari : डाॅ.राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग द्वारा …