तिहाड़ जेल में बंद 150 करोड़ के फ्रॉड के आरोपी पर सुपारी लेकर किया गया था हमला

 

नई दिल्ली। तिहाड़ जेल नंबर 3 में बंद विकास ढल पर रविवार 12 सितंबर को जाे हमला हुआ था, उसके लिए सुपारी दी गयी थी। जेल प्रशासन सूत्राें ने यह खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार, उस पर हमले के लिए तिहाड़ जेल के ही दो कैदियों को किसी ने सुपारी दी थी। जिस आराेपी पर हमला हुआ था, वह कथित रूप से 150 करोड़ के वित्तीय फ्रॉड मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।

इस मामले में जेल प्रशासन ने पुलिस को हमले की साजिश करने वाले के खिलाफ थाने में शिकायत दी है। सूत्राें की मानें ताे जेल प्रशासन की जांच में यह बात सामने आई। पूछताछ में खुद विकास चोपड़ा ने ये बताया कि जेल के बाहर से दो लोगों ने हमले करवाये। विकास ढल और जेल नम्बर तीन के वार्ड 2 में विकास चोपड़ा और एक अन्य कैदी के साथ बंद था। 12 सितंबर को उस पर विकास चोपड़ा ने हमला कर दिया। बाद में चोपड़ा ने खुद को भी चोट पहुंचाई, जिससे ये लगे कि कैदी आपस में भिड़े हैं। हमला सर्जिकल ब्लेड से किया गया था।

जेल सूत्रों के अनुसार, हमले के आरोपी के मुंह से ब्लेड मिला था। विकास चोपड़ा 2013 से जेल में बंद है। उस पर डकैती, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। विकास ढल किसी कंपनी में काम करता था। उसी दौरान उस पर कंपनी में फ्रॉड के आरोप लगे। जांच में 150 करोड़ के फ्रॉड की बात सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।

Check Also

केजरीवाल के जेल में रहने तक टल सकता है मेयर का चुनाव

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री केजरीवाल के जेल में रहने तक मेयर का चुनाव टल सकता …