बंगाल में कार्यकर्ताओं पर हमले के विरोध में भाजपा ने किया मंडल स्तर पर विरोध-प्रदर्शन

जयपुर। पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यकर्ता और समर्थकों पर हो रहे कातिलाना हमले के विरोध में भाजपा ने बुधवार को मंडल स्तर पर विरोध-प्रदर्शन किया। जयपुर में भी भाजपा मुख्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय समेत सभी मंडलों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिर और हाथ पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने बताया कि पश्चिम बंगाल में चुनावों के परिणाम आने के बाद वहां भाजपा के कार्यालयों तथा कार्यकर्ताओं पर जान लेवा हमले किए जा रहे हैं। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालय समेत प्रत्येक मंडल में बुधवार सुबह 10 बजे काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जताया है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते यह कार्यक्रम सीमित संख्या में कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया और अधिकतम 10 कार्यकर्ता इस विरोध-प्रदर्शन में हर मंडल पर मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि जिस तरह पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर हमले किए जा रहे हैं, वह निंदनीय है। बंगाल में ममता बनर्जी ने खेला होबे का नारा दिया था, लेकिन हम कहना चाहते हैं कि बंगाल में अब उपद्रव और तांडव का खेला ना करो और संविधान उन्हें जो जिम्मेदारी जनता के जरिए टीएमसी को सौंपी है, उसका ईमानदारी से जनता की सेवा में निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में समय समय पर सता बदली भी है और समय समय पर लोकतंत्र के हिसाब से सता ने अपना काम काज किया है। बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद जिस तरह की स्थितियां बनी है वह निन्दनीय है। देश में चुनाव लगातार होते रहे हैं, लेकिन बंगाल में हो रही घटनाएं लोकतंत्र को कलंकित करने वाली है। चुनाव की हिंसाए भी होती रही है, लेकिन बंगाल में जो वीभत्स दृश्य दिख रहे हैं, वे ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव की जीत के बाद टीएमसी के गुंडों ने हिंसा फैला रखी है। हमारे 140 कार्यकर्ताओं को इन गुंडों के कारण शहादत देनी पड़ी। माताओं, बहनों की इज्जत पर हाथ डाला गया। गरीबों के घर जला दिए गए। बंगाल में जो हो रहा है, वह आजाद भारत में कलंकित करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह सब ममता बनर्जी की शह का प्रतीक है। ट्वीटर पर राहुल गांधी व प्रियंका गांधी लगातार मानवता दिखाती है, लेकिन बंगाल में जो कुछ हो रहा है उस पर मौन है। पूरी कांग्रेस पार्टी मौन है। ऐसे में राजस्थान भाजपा के सभी कार्यकर्ता बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्थन में खड़े हैं। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही हिंसा, हत्या व लूटपाट के विरोध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आव्हान पर राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां के नेतृत्व में बुधवार को प्रदेशभर में कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए धरना प्रदर्शन किए गए। जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पर भी डॉ. सतीश पूनियां के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा, जयपुर शहर जिला अध्यक्ष राघव शर्मा, प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा इत्यादि पदाधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

भगवंत मान आज केजरीवाल से करेंगे मुलाकात…

नई दिल्ली : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दोपहर करीब 12 बजे तिहाड़ जेल …