उरई । स्वाधीनता दिवस का पर्व रविवार को पूरे उत्साह के मनाए जाने की तैयारी कर ली गई है। पूर्व संध्या पर शनिवार को दिन भर सजावट का कार्य चलता रहा। कलाकार तिरंगी छटा बिखेरने के लिए दिन भर जुटे रहे। महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों व चौराहों को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर शहर का आकर्षण अलग ही दिखाई देगा।
स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को नगरपालिका के कर्मचारी सजावट व सफाई के कार्य में जुट गए। सबसे पहले महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों को साफ सुथरा किया गया इसके बाद तिरंगी पट्टिका को पेंट से बनाया गया। लगभग सभी स्थलों में कलाकारों ने रंग से तिरंगा बनाया। इसके अलावा आंबेडकर चौराहा, शहीद भगत सिंह चौराहा, महारानी लक्ष्मीबाई पार्क, भगत सिंह पार्क, की सजावट की गई। रंग बिरंगे परदे लगाने के साथ ही कई रंगों के बल्बों की झालरें लगाई गई हैं। तैयारियों में किसी तरह की खामी न रहने पाए इसके लिए नगर पालिका ईओ विमलापत, चेयरमैन अनिल बहुगुणा ने निरीक्षण किया। इसके साथ ही गांधी चबूतरा, झलकारी बाई प्रतिमा स्थल की भी सजावट की गई। स्वतंत्रता दिवस इस बार पूरे जोश खरोश से मनाए जाने की तैयारियां कर ली गई हैं। इस दिन कौन से कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं इसकी रूपरेखा जिला प्रशासन ने पहले ही तैयार कर ली है। चौराहों पर बजेगी देशभक्ति की धुन
स्वतंत्रता दिवस पर हर चौराहे पर देशभक्ति के गीत बजाए जाएंगे। साथ ही महात्मा गांधी की प्रिय रामधुन भी सुनाई देगी। चैयरमैन ने बताया कि सभी तैयारियां हो चुकी हैं। होंगे सांस्कृतिक आयोजन
स्वाधीनता दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नगरपालिका कवि सम्मेलन कराएगी। जिसके लिए तैयारी हो चुकी है और स्थान का चयन भी कर लिया गया है।
The Blat Hindi News & Information Website