सेना का मनोबल गिरा रही है : अनिल विज

चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कार्रवाई पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की आलोचना को देशद्रोह करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष के कुछ लोग पाकिस्तान से मिले हुए हैं और सेना का मनोबल गिराने का काम कर रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा, “हमारे देश में जयचंद हमेशा रहे हैं, ये लोग कई तरीकों से सेना का मनोबल गिराना चाहते हैं। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ लड़ाकू विमान राफेल का मजाक कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष उड़ा रहे हैं, जो निंदनीय है। जब हमारी सेना लड़ने जाती थी, तो ‘ओ पवन वेग से उड़ने वाले घोड़े’ जैसे गीत गाकर उनका हौसला बढ़ाया जाता था,

लेकिन लगता है कि ये लोग पाकिस्तान से मिले हुए हैं और जनता को इन पर नजर रखनी चाहिए।”
विज ने कांग्रेस पर पाकिस्तान से प्रेम रखने का आरोप लगाते हुए कहा, “कांग्रेस का पाकिस्तान से प्यार बार-बार सामने आता है, क्योंकि पाकिस्तान कांग्रेस की ही औलाद है। धर्म के आधार पर हिंदुस्तान का विभाजन करके पाकिस्तान को कांग्रेस ने ही बनाया था। जिस तरह मां-बाप को अपने बच्चे प्यारे होते हैं, वैसे ही कांग्रेस को पाकिस्तान प्यारा है। इसीलिए कांग्रेस पाकिस्तान के हित में भारतीय सेना का मनोबल गिराना चाहती है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की आवाज और दावे से भारतीय सेना में जोश भर गया है।

Check Also

सिरसा में पाक मिसाइल गिराए जाने पर सेना को दी बधाई

चंडीगढ़। सिरसा के पास पाकिस्तानी मिसाइल को भारतीय सेना द्वारा सफलतापूर्वक गिराए जाने पर सिरसा …