
आइजोल । भारत के दो पूर्वोत्तरी राज्य असम और मिजोरम के बीच जारी सीमा विवाद को सुलझाने के लिए असम के दो मंत्री मिजोरम की राजधानी आइजोल के लिए रवाना हो गए हैं। ज्ञात हो कि इन दो राज्यों के बीच बहुत लंबे समय से सीमा को लेकर अनबन थी, मगर विगत दिनों असम-मिजोरम के विवादित सीमा पर दोनों राज्यों के पुलिस और लोगों के बीच हिंसा हुई, जिसमें कुछ लोग मारे गयें। जिससे यह मुद्दा, विवाद में तब्दील हो गया।
असम-मिजोरम सीमा मुद्दे पर चर्चा के लिए मिजोरम सरकार के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मिलने के लिए असम सरकार के दो मंत्री अशोक सिंह और अतुल बोरा आइजोल के लिए रवाना हुए हैं। रवाना होने के दौरान अतुल बोरा ने इस मुद्दे पर बात करते हुए कहा, “हम बातचीत को लेकर आशान्वित हैं। असम पूर्वोत्तर के लोगों के बीच एकता और भाईचारे की भावना को बनाए रखना चाहता है।”
ज्ञात हो कि असम और मिजोरम राज्यों के बीच जारी सीमा विवाद के चलते विगत 26 जुलाई की रात को एकाएक खूनी संघर्ष शुरू हो गया था, जिसमें असम पुलिस के छह पुलिसकर्मियों और एक आम नागरिक की मौत हो गई थी। इस हिंसक संघर्ष में दोनों पक्षों से 50 से अधिक लोग घायल भी हो गए थें।
आज गुरुवार को आइजल क्लब में होने वाले इस बैठक में मिजोरम सरकार की तरफ से राज्य के गृह मंत्री लालचमलियाना, भू-राजस्व और बंदोबस्त मंत्री लालरुअटकिमा और गृह विभाग के सचिव वनलालंगईहसाका शामिल होंगे। मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने ट्विटर पर कहा कि उन्हें यकीन है कि बैठक से दोनों राज्यों को समाधान निकालने में मदद मिलेगी।
The Blat Hindi News & Information Website