अंतर-राज्यीय सीमा विवाद पर असम और मिजोरम ने जारी किया संयुक्त बयान


आइजोल । भारत के पूर्वोत्तर में स्थित दो राज्य असम और मिजोरम ने अपने अंतर-राज्यीय सीमा विवादों को सुलझाने की दिशा में आज 5 अगस्त को एक बड़ा कदम उठाया है। इन दोनों पूर्वोत्तरी राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों ने आज मिजोरम की राजधानी आइजोल के आइजोल क्लब में एक उच्च स्तरीय मीटिंग में भाग लिया।

इस बैठक में असम सरकार के तरफ से दो मंत्रियों अशोक सिंह और अतुल बोरा ने शिरकत की। मिजोरम सरकार की तरफ से राज्य के गृह मंत्री लालचमलियाना, भू-राजस्व और बंदोबस्त मंत्री लालरुअटकिमा और गृह विभाग के सचिव वनलालंगईहसाका शामिल हुए।

मीटिंग के बाद दोनों राज्यों ने एक संयुक्त बयान जारी किया और कहा कि दोनों राज्य सरकारें अंतर-राज्यीय सीमा के आसपास व्याप्त तनाव को दूर करने और चर्चा के माध्यम से विवादों के स्थायी समाधान खोजने के लिए भारत सरकार, केन्द्रीय गृह मंत्रालय और दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा की गई पहल को आगे बढ़ाने के लिए सहमति जताई है।

दोनों राज्यों के संयुक्त बयान में मिजोरम राज्य सरकार ने विगत 26 जुलाई को असम और मिजोरम के अंतर-राज्यीय सीमा पर हुए हिंसा के लिए शोक जताया है और घायलों के जल्द ठीक होने की आशा व्यक्त की है। इसके साथ ही इस बात पर भी सहमति जताई गई है कि दोनों राज्य सरकारें विवादित अंतर-राज्यीय सीमा पर अपने सुरक्षाबलों को नहीं भेजेगी। साथ ही क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास को जारी रखा जाएगा।

Check Also

भारत-तालिबान संबंधों में नया मोड़: मुत्ताकी की यात्रा से खुले कूटनीतिक द्वार

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री और तालिबान प्रशासन के वरिष्ठ नेता आमिर खान मुत्ताकी इन दिनों …