कांग्रेस के भ्रष्टाचार का स्मारक है कानपुर का लाल इमली : योगी आदित्यनाथ

कानपुर  । कानपुर का एक समय था कि यहां कि चिमनियों से बराबर धुआं निकलता था। यहां के उद्योग धंधे पूरे देश में प्रसिद्ध थे। इसीलिए कानपुर को उत्तर पूर्व का मैनचेस्टर कहा जाता था लेकिन कांग्रेस की सरकार की वजह से यहां के उद्योग धंधे धीरे-धीरे बंद हो गए। इससे रोजगार के संकट पैदा हुए हैं और लोग बेरोजगार हो गए। अभी मैं अपने वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्ना के साथ कार से आ रहा था तो रास्ते में लाल इमली मिल देखा कि इतना बड़ा उद्योग धंधा कांग्रेस की नीतियों से कैसे बंद हो गया जो देश ही नहीं विदेश में भी अपना डंका बजवाता था। इस पर हमने तय किया है कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार का स्मारक बन चुकी लाल इमली का पुनरुद्धार कराया जाएगा। यह बातें गुरुवार को 745 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही।

लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर पहुंचे और सीसामऊ विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को देखते हुए सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज चुन्नीगंज में जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने आठ हजार से अधिक छात्रों को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किया। इसके साथ ही एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्त पत्र प्रदान किया और बाद में 745 करोड़ की विकास योजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास व लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने सुरक्षा, सुशासन और विकास का मॉडल दिया है। जबकि इसके पहले सपा सरकार में उत्तर प्रदेश अपनी पहचान के लिए मोहताज था। गुंडागर्दी और अपराध व दंगे उनकी सरकार में होते थे। जो नौजवान बाहर जाता था, उसे अपनी पहचान का संकट होता था। साढ़े सात वर्ष के कार्यकाल में हमने विकास सुशासन और कानून व्यवस्था कैसी होनी चाहिए, आज उत्तर प्रदेश तय कर रहा है। अभी मैं रास्ते में अपने वरिष्ठ सहयोगी मंत्री सुरेश खन्ना के साथ आ रहा था तो रास्ते में एक इमारत मिली जिसका नाम है लाल इमली। यह लाल इमली जो कभी अपनी पहचान देश ही नहीं विदेशों में बनाई हुई थी। आज कांग्रेस के भ्रष्टाचार का स्मारक बन चुकी है। हमारी सरकार बड़े पैकेज के साथ इसका पुनरुद्धार करवाएगी और एक बार फिर लाल इमली के उत्पाद वैश्विक स्तर पर पहचान बनाएंगे।

पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा के लोग अपने इतिहास की पुनरावृति करने को आतुर हैं। इनकी पहचान गुंडागर्दी अपराध और व्यापारियों को परेशान करना है। इनका दिखावे का चेहरा और है। अंदर का चेहरा और है। आज जो अपने कृत्य से सीसामऊ विधानसभा का विधायक इरफान सोलंकी जेल में बंद है। वह देश के तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जो कानपुर के ही रहने वाले हैं, उनके आगमन पर दंगों की साजिश रच रहा था। अभी हाल ही में इनके तीन कांड सामने आए हैं। अयोध्या में एक निषाद बेटी के साथ इनका नेता बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। दूसरी घटना लखनऊ में इन्हीं के लोगों ने किया। जब बारिश के दौरान पिता बेटी रास्ते से निकल रहे थे और उनके ऊपर पानी फेंका जा रहा था। तीसरी घटना कन्नौज की है जिसे नवाब कांड कहा जाता है। इसमें भी इन्हीं का नेता बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ कर रहा था।

मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि हमारी सरकार में सरकारी नौकरी में किसी को सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ती है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होती है। हम लोग युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दे रहे हैं। 2017 में हमने 20000 करोड़ का लक्ष्य ग्लोबल इन्वेस्टर समिति में रखा था जो अब 40000 करोड़ का हो गया है। आगामी साल में 2 लाख सरकारी नौकरी देने जा रहे हैं। इसमें 60 हजार पुलिस भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस भर्ती की प्रक्रिया भी इस तरह चल रही है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता एक लाख पुलिस की भर्ती की जाएगी। उसमें 20 फ़ीसदी बेटियों की भर्ती होगी। एक करोड़ से अधिक नौजवानों के लिए प्राइवेट क्षेत्र में नौकरी दी जाएगी। 50 लाख नौजवानों को योजनाओं के जरिए स्वतः रोजगार के लिए जोड़ा जाएगा।

उन्हाेंने कहा कि आज कानपुर मेट्रो सिटी बन चुका है। भाजपा सरकार में विकास भी होगा सुरक्षा भी होगी और सुशासन का मॉडल भी होगा। सीसामऊ सीट से सपा विधायक रहे इरफान के पाप का घड़ा फूट चुका है और वह आज जेल में है। हम सीसामऊ की जनता से अपील करते हैं कि विकास के साथ आएं। भाजपा सरकार में विकास की योजनाओं का लाभ सबको दिया जा रहा है। न किसी की जाति देखी जा रही है न धर्म देखा जा रहा है। अभी जो 745 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण हुआ है, यह सभी के लिए है। हमें उम्मीद है कि अबकी बार उपचुनाव में सीसामऊ की जनता विकास के साथ खड़ी होगी।

Check Also

दीक्षांत समारोह में पर्यावरण सरंक्षण को मिलेगा बढ़ावा

जौनपुर ।वीर बहादुर सिंह पूर्वान्चल विश्वविद्यालय में आगामी 22 सितंबर को अपना 28 वां दीक्षा …