भजनपुरा से यमुना विहार तक बनेगा फ्लाईओवर

द ब्लाट न्यूज़ । उत्तरी-पूर्वी दिल्ली में वजीराबाद रोड पर जाम खत्म करने के लिए सरकार भजनपुरा से यमुना विहार तक नया फ्लाईओवर बनाएगी। इसका मकसद वजीराबाद रोड पर जाम से निजात दिलाना है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से डीपीआर तैयार कर ली गई है। सरकार ने फ्लाईओवर के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया है। इसके साथ ही गाजियाबाद के भोपुरा से वजीराबाद तक लगभग साढ़े सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर लालबत्तियों को भी खत्म किया जाएगा। इस रोड पर 50 से अधिक छोटे-बड़े कट भी बंद किए जाएंगे।

पीडब्ल्यूडी ने वजीराबाद रोड (शहीद मंगल पांडेय रोड) को सिग्नेचर ब्रिज से भोपुरा बॉर्डर तक सिग्नल फ्री करने की योजना बनाई है। रोड पर भजनपुरा लालबत्ती से लेकर यमुना विहार के सामने तक लगभग सात सौ मीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा। इस मार्ग को लालबत्तियों के चलते पूरा करने में 45 मिनट से लेकर एक घंटे का वक्त लगता है, लेकिन पांच लालबत्तियां बंद हो जाने से यह दूरी 15 मिनट में पूरी हो सकेगी। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर के बनने से उत्तरी-पूर्वी दिल्ली से गुजरने वाले लगभग डेढ़ लाख लोगों को प्रतिदिन लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइओवर को बनाने के लिए एक साल का वक्त तय किया गया है। उम्मीद एक साल से पहले ही काम पूरा कर लिया जाएगा।

लोनी रोड गोल चक्कर पर बनेगा अंडरपास : इस योजना के तहत लोनी रोड गोल चक्कर फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास बनेगा। इससे लोनी रोड गोल चक्कर पर लगने वाला जाम समाप्त होगा। इस अंडरपास की लंबाई छह सौ मीटर के करीब होगी। इसके बनने से शाहदरा की ओर से लोनी जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।

योजना के बारे में कुछ मुख्य तथ्य

-वजीराबाद से भोपुरा बॉर्डर तक यातायात होगा सिग्नल फ्री।

-साढ़े सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर नहीं होगी लालबत्ती।

-भजनपुरा से गोकुलपुरी तक फ्लाईओवर बनाकर तीन लालबत्तियां हटाई जाएंगी।

-लोनी रोड गोल चक्कर पर फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास बनेगा।

-वजीराबाद से भोपुरा बॉर्डर तक लोग 15 मिनट में पहुंच सकेंगे।

Check Also

प्रधानमंत्री मोदी की आज जम्मू और हरियाणा के हिसार में जनसभा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेता, सबसे बड़े स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री …