देश के छात्रों को जागरूक करेंगे युवा एंबेसडर…

द ब्लाट न्यूज़ । स्कूलों में युवा एंबेसडर छात्रों को देश की समृद्ध विविधता और खूबसूरत पर्यटन स्थलों के बारे में जागरूक करेंगे। देश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ये योजना बनाई गई है। इसके तहत स्कूलों में युवा पर्यटन क्लब का गठन किया जाएगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से इस बाबत स्कूलों को पत्र जारी किया गया है। स्कूलों में ही छात्र पर्यटन उद्योग के बारे में जाने और देश की समृद्ध विरासत से रूबरू हो सकें यही मकसद है।

गौरतलब है कि सरकार की ओर से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देशभर में विभिन्र गतिविधियों के जरिए देश की गौरवगाथा और संस्कृति के बारे में जागरुकता लाने के लिए काम जारी है। ऐसे में पर्यटन मंत्रालय ने युवा पर्यटन क्लब की स्थापना की रूपरेखा बनाई है। देश के बारे में स्कूली स्तर पर जागरुकता लाने को ये क्लब काम करेगा। साथ ही क्लब के सदस्य देश के पर्यटन के विकास में विशेष योगदान देंगे।

देश की विविधता की मिलेगी जानकारी
भारत में पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। इनके बारे में छात्र जागरूक बनें और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझें क्लब के जरिए यही कोशिश की जाएगी। इसके तहत युवा एंबेसडर छात्र-छात्राओं के बीच पर्यटन के प्रति रुचि और जुनून विकसित करने में मदद करेंगे। इसे लेकर सीबीएसई ने स्कूलों को बकायदा हैंडबुक भी जारी है। इसमें क्लब के गठन से लेकर कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है।

गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी
योजना के तहत पर्यटन क्लब में शुरुआत में 25 सदस्य जोड़े जाएंगे। छात्रों के साथ ही स्कूल के शिक्षक को भी इसका हिस्सा बनाया जाएगा। क्लब की ओर से स्कूल में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से छात्रों को समृद्ध विविधता के बारे में जानकारी दी जाएगी। वहीं, क्लब की ओर से छात्रों के लिए विभिन्न स्थलों का दौरा, ऑनलाइन या ई-पर्यटन कार्यक्रम, साइट विजिट, इंटर स्कूल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

आदेशानुसार होगा क्लब का गठन
सेक्टर-15 स्थित विद्या मंदिर स्कूल के प्राचार्य आनंद गुप्ता ने बताया कि सीबीएसई की ओर से छात्रों को जागरूक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां चलाई जाती हैं। स्कूलों में पर्यटन क्लब के गठन के निर्देश मिले हैं। इसका उद्देश्य छात्रों को देश में स्थित पर्यटन स्थलों और खूबसूरत धरोहरों के बारे में जागरूक बनाना है। आदेशानुसार काम किया जाएगा।

 

Check Also

रूस में आतंकी हमला, 40 लोगों की मौत,100 से भी अधिक लोग हुए घायल

The Blat News: रूस की राजधानी मास्को शुक्रवार को आतंकी हमले से दहल गई। चार …