उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में व्यापारी दिखायेगा दम: अनूप शुक्ला

वाराणसी । प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने बताया कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में संगठन भी दमदारी से भागीदारी करेगा।

संगठन प्रदेश के सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। जिससे व्यापारियों के साथ महिलाओं और युवाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी। आज तक व्यापारियों को किसी भी राजनीतिक दल ने उचित सम्मान नही दिया।

अनूप शुक्ला गुरूवार को पराड़कर भवन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 129 विधानसभा सीटों के लिए संगठन को व्यापारियों के आवेदन प्राप्त हो चुके है, जिन पर विचार किया जा रहा है। शुक्ला ने कहा कि देश और प्रदेश में जो कानून बनते है वह विधानसभा और लोकसभा में बनाए जाते हैं। जब चुनाव आता है सभी राजनैतिक दल व्यापारियों को सम्मान देने की बात करते है। परन्तु विधानसभा में पहुंचने का मौका नहीं देते। जब तक व्यापारी विधानसभा एवं लोकसभा में नहीं पहुंचेगा तब तक व्यापारियों का उत्पीड़न होता रहेगा।

व्यापारियों के अधिकारों की प्राप्ति के लिए संगठन निरन्तर प्रदेश में रोड शो के माध्यम से ताकत दिखाता रहा है। अब वक्त आ गया है कि अब व्यापारी चुनाव मैदान में आकर विधानसभा एवं लोकसभा में पहुंच कर अपनी संख्या बल को बढ़ाये। उन्होंने बताया कि दिसम्बर के प्रथम सप्ताह में संगठन लखनऊ में एक बड़ी रैली आयोजित करेगा। जिसमे व्यापारियों एवं महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे पर विमर्श होगा।

वार्ता में बदरूदीन अहमद (राष्ट्रीय महासचिव), सुनील शुक्ला (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), मनीषा जैन (प्रदेश महासचिव महिला), आनंद पांडेय (जिलाध्यक्ष), विनोद शर्मा आदि भी मौजूद रहे।

 

 

 

Check Also

पितृ पक्ष का प्रारंभ बुधवार से, सर्व पितृ अमावस्या दाे अक्टूबर को

मुरादाबाद । श्री सत्य शिव एवं शनि मंदिर आवास विकास सिविल लाइन के महंत पंडित …