कानपुर पुलिस ने तीन शातिर चोरों को पकड़ा, भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद

kanpur, जसप्रीत सिंह। थाना काकादेव पुलिस ने चोरी की वारदातों में शामिल तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। गिरफ्तार अभियुक्तों में नानक सिंह पटवाजी (45), महेन्द्र सिंह पटवाजी (47) और कृपाल सिंह (20) शामिल हैं, जो मध्य प्रदेश के धार जिले के निवासी हैं।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इन्हें चोरी के माल के साथ पकड़ा। इनके पास से 58.13 ग्राम पीली धातु के गहने, 113.29 ग्राम सफेद धातु के पाजेब, ₹20,190 नकद, तीन मोबाइल फोन, औजार, और चोरियों में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद हुए। इनके पास से चोरी के तीन बैग भी मिले जिनमें लोहे की चाबियाँ, ताले, छैनी, हथौड़ी और अन्य औजार शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त नानक और महेन्द्र का आपराधिक इतिहास है और ये पहले भी चोरी के मामलों में लिप्त रहे हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। इस सफलता में पुलिस टीम का नेतृत्व उ0नि0 सचिन भाटी ने किया, जिनके साथ थाना काकादेव की कई अन्य अधिकारियों की टीम शामिल थी।