जौनपुर। सब जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन रतनलाल जैन स्मृति भवन, रांची (झारखंड) में किया गया। योगा फेडरेशन जौनपुर की अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय रेफरी रजनी साहू ने बताया कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के 25 राज्यों से आए खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता 8 वर्ष से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें खिलाडियों ने योगासन, संतुलन एवं लयबद्ध प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के प्रतिभागियों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। प्रदेश के बच्चों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट योग कौशल के बल पर कई पुरस्कार अपने नाम किए और उत्तर प्रदेश का गौरव बढाया। उत्तर प्रदेश योगा फेडरेशन के तत्वावधान में 40 सदस्यों एवं बच्चों की एक टीम, फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं राष्ट्रीय रेफरी रजनी साहू के नेतृत्व में झारखंड के लिए रवाना हुई थी, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार उपलब्धि हासिल की।