Kanpur, ब्यूरो। नववर्ष 2026 के जश्न को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 31 दिसंबर 2025 को दोपहर 2 बजे से रात 2 बजे तक तथा 1 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार जेड स्क्वायर मॉल और बड़ा चौराहा क्षेत्र में भारी भीड़ को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मेघदूत तिराहा, कोतवाली चौराहा, चेतना चौराहा और शिवाला तिराहा से बड़ा चौराहा की ओर सीधे वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इन मार्गों से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।

इसके अलावा, मेघदूत तिराहा से बड़ा चौराहा, चेतना चौराहा से बड़ा चौराहा और सोमदत्त प्लाजा से बड़ा चौराहा तक के क्षेत्र को नो ई-रिक्शा और ऑटो जोन घोषित किया गया है। ई-रिक्शा और ऑटो को निर्धारित स्थानों पर ही यात्रियों को उतारने और बैठाने की अनुमति होगी।
इस्कॉन मंदिर, सुधांशु आश्रम और ब्लू वर्ड क्षेत्र में मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को कल्याणपुर, मंधना और बिठूर होते हुए वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
गंगा बैराज की ओर उन्नाव सीमा से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। साथ ही बैराज के आसपास सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े करने और ठेले-खोमचे लगाने पर रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गंगा बैराज जाने वाले वाहनों के लिए कर्बला चौराहा, अटल घाट के पहले खाली स्थान और बोट क्लब के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम (9305104340) या ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर (9305104387) पर संपर्क करें। साथ ही सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को तुरंत रास्ता देने की भी अपील की गई है।