kanpur, ब्यूरो। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में महज 200 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा मात्र 12 घंटे के भीतर कर दिया है। मामले में चाचा-भतीजे की जोड़ी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राहुल अवस्थी के रूप में हुई है, जो हिंदुस्तान पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। राहुल ने अपने दोस्त कामता शर्मा से 200 रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने पर राहुल द्वारा गाली-गलौज किए जाने से नाराज कामता शर्मा ने अपने भतीजे मोहित के साथ मिलकर बदला लेने की साजिश रच डाली।
घटना वाले दिन तीनों पहले निराला नगर रेलवे ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद कामता और मोहित ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने पहले बेल्ट से पीटा और फिर इंटरलॉकिंग की ईंट से सिर पर वार कर राहुल की निर्मम हत्या कर दी।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के निर्देशन में गोविंद नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से तेजी से कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। अभियुक्त कामता शर्मा और मोहित को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रिकेश कुमार, अपर निरीक्षक अभय कुमार सिंह सहित थाना व सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।